तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवारों को मारी जोरदार टक्कर, दर्दनाक हादसे में शादी से लौट रहे तीन किशोरों की मौत, सीसीटीवी…..
सांकेतिक तस्वीर / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस
तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवारों को मारी जोरदार टक्कर, दर्दनाक हादसे में शादी से लौट रहे तीन किशोरों की मौत, सीसीटीवी…..
भोपाल/अलीराजपुर | मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले में उस वक्त बड़ा हादसा हो गया, जब एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गई है.
रविवार देर रात एक दोस्त की शादी से घर लौट रहे नाबालिगों के साथ हादसा हुआ. पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अनिल (14 वर्ष, निवासी देवधा गांव), रोशन (17 वर्ष, निवासी बड़ी बीड) और सावन (14 वर्ष, निवासी रतनपुरा) के रूप में हुई है. यह दुर्घटना बोरी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत चुलिया गांव के पास हुई.
तीनों लड़के एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे, जबकि उनके अन्य दोस्त दूसरी बाइक पर उनके पीछे आ रहे थे. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे को उसके साथ मौजूद दोस्तों ने तुरंत पास के एक अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने लड़कों की बाइक को टक्कर मारी और बिना रुके मौके से फरार हो गया, जिससे पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गए. बोरी पुलिस ने ‘हिट-एंड-रन’ का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है.
वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की. एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह एक हृदयविदारक घटना है. हम दोषी वाहन चालक की पहचान के लिए सभी एंगल से जांच कर रहे हैं. आपपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक चुलिया गांव में शादी समारोह में शामिल होने गए थे. स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन से अपील की है कि भविष्य में ऐसी त्रासदियों को रोकने के लिए चुलिया गांव के पास वाली सड़क पर ‘स्पीड ब्रेकर’ लगाए जाएं और रोशनी की व्यवस्था में सुधार किया जाए.
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अगर किसी के पास उस अज्ञात वाहन के बारे में कोई जानकारी हो, तो वे आगे आएं और जांच में पुलिस की मदद करें.
IANS
मध्य प्रदेश अलीराजपुर में तेज रफ्तार का कहर, अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, तीन की मौत
