भयानक : बहन को प्रेमी के साथ देख हैवान बने भाई, कमरे में बंद कर रॉड से पीटा, लड़की की मौके पर ही मौत, अधमरी हालत में……

HORROR KILLING MURDER

सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)

The Hindi Post

भयानक : बहन को प्रेमी के साथ देख हैवान बने भाई, कमरे में बंद कर रॉड से पीटा, लड़की की मौके पर ही मौत, अधमरी हालत में……

 

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के पनियरा थाना क्षेत्र के एक गांव में घर के अंदर अपनी बहन को प्रेमी के साथ देख तीन भाइयों ने उसे लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटकर मार डाला. वहीं युवक अधमरी हालत में जान बचाकर भाग निकला. बहन के शव को भाइयों ने पिकअप से गोरखपुर जनपद के सहजनवा थाना क्षेत्र में ले जाकर जला दिया. पुलिस ने तीनों भाइयों को शनिवार को हिरासत में ले लिया, जिनमें 15 साल का एक बाल अपचारी है.

घटना गुरुवार रात की है. बताया जा रहा है कि गांव का ही एक युवक युवती से प्रेम करता था. गुरुवार की रात वह युवती से मिलने उसके घर चला गया. उस समय युवती की मां और भाई रिश्तेदारी में गए थे. रात में रिश्तेदारी से लौटने के बाद एक भाई ने बहन को युवक के साथ आपत्तिजनक हालत में देख अपने दो और भाइयों को बुला लिया. इसके बाद दोनों को कमरे में बंद कर बाइक के शॉकर की रॉड से पीटना शुरू कर दिया. इसमें बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मारपीट से अधमरा हुआ युवक जान बचाकर भाग निकला.

अगली सुबह शुक्रवार को तीनों भाई, बहन का शव पिकअप में लादकर उसे गोरखपुर जिले के थाना सहजनवा क्षेत्र के सिसई घाट ले गए. बिना किसी को बताए शव को जला दिया. पहले मामले में मारपीट-धमकी का केस दर्ज हुआ था. एसपी तक मामला पहुंचा तो उन्होंने तह तक जाने के निर्देश दिए. इसके बाद पुलिस की जांच में पूरे मामले का खुलासा हुआ. मामला सामने आने के बाद पुलिस भी हैरान रह गई.

शनिवार को पुलिस की फोरेंसिक टीम बुलाई गई. सीओ सदर अंकुर कुमार गौतम और पनियरा थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे. टीम ने साक्ष्य एकत्र किया. बताया जा रहा है कि घटना के बाद युवती के भाई ने अपने घर की साफ-सफाई की. खून से लथपथ कपड़े को जलाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की. गांव में पुलिस तैनात है. इस घटना की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है.

महराजगंज के एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि आरोपितों को हिरासत में ले लिया गया है. मुकदमे में हत्या और साक्ष्य छिपाने की धारा बढ़ाई गई है. मामले की जांच गंभीरता के साथ की जा रही है. हत्या में प्रयुक्त बाइक के शॉकर की रॉड भी पुलिस ने बरामद कर ली है. मामले का जल्द ही खुलासा किया जाएगा.


The Hindi Post
error: Content is protected !!