बिहार के तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के पुत्र सम्राट कैबिनेट में हुए शामिल

bihar gov

फोटो क्रेडिट : आईएएनएस

The Hindi Post

बिहार के तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के पुत्र सम्राट कैबिनेट में हुए शामिल

 

पटना |  बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया है. नए मंत्रियों को गांधी मैदान में आयोजित एक शपथ ग्रहण समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विशाल मंत्रिमंडल को देखें तो इसमें सामाजिक समीकरण और क्षेत्रीय समीकरण को संतुलन बनाए रखने की कोशिश की गई है.

इस मंत्रिमंडल में जहां पुराने चेहरों को स्थान दिया गया है, वहीं कई नए चेहरे भी देखने को मिल रहे हैं. इस मंत्रिमंडल में बिहार के तीन मुख्यमंत्रियों के पुत्रों को भी स्थान दिया गया है. पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के पुत्र निशांत को भी पहली बार मंत्री बनाया गया है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी के पुत्र संतोष कुमार सुमन सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल में शामिल किए गए हैं. सुमन नीतीश मंत्रिमंडल में भी शामिल थे. इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा के पुत्र नीतीश मिश्रा को भी इस विराट मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है.

नीतीश पहले भी बिहार सरकार में मंत्री रह चुके हैं. हालांकि पिछली सरकार में उन्हें मंत्री नहीं बनाया गया था. पटना के गांधी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव, राज्यसभा सांसद और बिहार के प्रभारी विनोद तावड़े, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित एनडीए के कई प्रमुख नेता शामिल हुए.

बता दें कि पिछले महीने के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद भाजपा के नेतृत्व में बिहार में पहली बार सरकार बनी और सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. उनके साथ जदयू के बिजेन्द्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी उप मुख्यमंत्री बने थे. बिहार एनडीए में भाजपा और जदयू के अलावा लोजपा (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं.

आईएएनएस

बिहार के तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के पुत्र सम्राट कैबिनेट में हुए शामिल


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!