मॉडल की नहर से बरामद हुई लाश, गले पर थे धारदार हथियार के निशान, हाथ और छाती के टैटू से हुई शिनाख्त…

SHEETAL HARYANA MODEL MURDERED

शीतल की फाइल फोटो (क्रेडिट: सोशल मीडिया)

The Hindi Post

सोनीपत | हरियाणा के सोनीपत में उस समय हड़कंप मच गया जब खांडा गांव के पास रिलायंस नहर से एक युवती का शव बरामद किया गया. युवती की पहचान पानीपत की रहने वाली शीतल के रूप में हुई है. वह हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में बतौर मॉडल काम करती थी.

जानकारी के अनुसार, पानीपत के खलीला माजरा की रहने वाली शीतल की बहन ने रविवार को पानीपत के मतलौड़ा थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी. इसके बाद पुलिस ने शीतल की तलाश शुरू की. इसी दौरान पुलिस को रिलायंस नहर में एक शव के होने की जानकारी मिली. पुलिस ने सोनीपत के खरखोदा थाना क्षेत्र में स्थित रिलायंस नहर से युवती का शव बरामद किया.

इस मामले की जानकारी देते हुए एसीपी अजीत सिंह ने बताया, “रविवार को हमारे थाने में एक गुमशुदगी की रिपोर्ट आई थी जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई. अब लड़की का शव मिला है. उसी रात एक कार नहर में गिर गई थी. यह गाड़ी इसराना के सुनील नाम के लड़के की थी. इसे एक लड़का चला रहा था और वह तैरकर भागने में कामयाब रहा. अब पता चला है कि लड़की भी उसी कार में थी और लड़का उसे अपने साथ ले गया था. ऐसा हो सकता है कि उसी लड़के ने उसकी हत्या की हो.”

उन्होंने कहा, “लड़की के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं और इसलिए हत्या की संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता है. शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और उसकी रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ साफ हो पाएगा.”

एसीपी अजीत सिंह ने यह भी बताया, “इस मामले में पुलिस की तरफ से एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जल्द ही लड़के को भी गिरफ्तार किया जाएगा. शुरुआती जांच में पता चला है कि लड़की और लड़का दोनों रिलेशनशिप में थे.”

बता दें कि शीतल पानीपत की सतकरतार कॉलोनी में अपनी बहन नेहा के साथ रह रही थी. शीतल के गले पर तेज धार हथियार के निशान मिले हैं. फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है.

आईएएनएस

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!