सीएनजी पंप कर्मी की छाती पर लड़की ने तानी रिवॉल्वर, कहा- “इतनी गोलियां मारुंगी कि….” सामने आया वीडियो
युवती ने पंप स्टेशन के कर्मी पर रिवॉल्वर तान दी/ फोटो: सोशल मीडिया
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का एक चौंकाने वाला वीडियो इनदिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यहां एक युवती ने अपने पिता के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने पर पेट्रोल पंप कर्मचारी पर रिवॉल्वर तान दी। यह नाटकीय घटना हरदोई के सांडी रोड पर स्थित एचपी सीएनजी पेट्रोल पंप पर हुई, जो बिलग्राम शहर से लगभग दो किलोमीटर दूर है।
अब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, शाहाबाद निवासी एहसान खान रविवार को अपनी पत्नी और बेटी अरीबा खान के साथ अपने कार में फ्यूल भरने के लिए पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे। सीएनजी भरवाने के दौरान एहसान खान और रजनीश कुमार नाम के पंप कर्मचारी के बीच किसी अज्ञात मुद्दे पर कहासुनी हो गई।
"इतनी गोली मारूंगी कि घरवाले भी पहचानने से इनकार कर देंगे"
UP के जिला हरदोई में एक कार में CNG भरनी थी। सेल्समैन से कार सवारों को नीचे उतरने को कहा। इस पर विवाद हुआ। महिला ने सेल्समैन के सीने पर रिवॉल्वर तान दी।
महिला अरीबा खां, हुस्नबानो, एहसान खां पर FIR दर्ज, रिवॉल्वर जब्त। pic.twitter.com/KuLAjg48CM
— Sachin Gupta (@SachinGuptaUP) June 16, 2025
यह तीखी नोकझोंक जल्द ही बढ़ गई, जिसके बाद कर्मचारी ने एहसान को कथित तौर पर सीने पर धक्का दे दिया, जिसे कैमरे में कैद कर लिया गया। वायरल वीडियो में पिता को धक्का दिए जाने के बाद गुस्से में उनकी बेटी कार की ओर भागती है, रिवॉल्वर निकालती है और सीधे कर्मचारी के सीने पर तान देती है।
हालांकि, इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और गोली चलने से पहले ही स्थिति को शांत कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से रिपोर्ट में दावा किया गया है कि लड़की ने कर्मचारी को धमकाते हुए कहा, “इतनी गोलियां मारूंगी कि घर वाले भी पहचानने से मना कर देंगे।”
घटना के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारी रजनीश कुमार ने कोतवाली थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। एहसान खान, उनकी पत्नी हुस्नबानो और बेटी अरीबा खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपों में आर्म्स एक्ट और आपराधिक धमकी देने की धाराएं शामिल हैं।
बिलग्राम थाना प्रभारी राकेश कुमार ने पुष्टि की कि मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना में इस्तेमाल की गई रिवॉल्वर जब्त कर ली गई है। उन्होंने कहा कि आगे की जांच चल रही है।
