ऑलटाइम हाई से 1.75 लाख सस्ती हुई चांदी, सोने का भाव भी टूटा….
फोटो: आईएएनएस
ऑलटाइम हाई से 1.75 लाख सस्ती हुई चांदी, सोने का भाव भी टूटा….
सोना और चांदी की कीमतों (Gold-Silver Price) में उतार-चढ़ाव का दौर लगातार जारी है. बीते कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन यानी शुक्रवार को दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में अचानक उछाल दर्ज किया गया, जबकि इससे पिछले सत्रों में इनके भाव लगातार गिर रहे थे. हालांकि, इस हालिया तेजी के बावजूद सोना और चांदी अपने सर्वकालिक उच्च स्तर (All-Time High) से अब भी काफी नीचे बने हुए हैं. चांदी वर्तमान में अपने रिकॉर्ड हाई से 1.75 लाख रुपये प्रति किलो से ज्यादा सस्ती मिल रही है, तो वहीं सोना भी अपने शिखर से करीब 37,000 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता बिक रहा है.
चांदी की कीमतों का हाल
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 5 मार्च की एक्सपायरी वाली चांदी शुक्रवार को वायदा कारोबार के अंत में 2,44,360 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई. यह पिछले बंद भाव की तुलना में 7,925 रुपये की बड़ी बढ़त थी.
लेकिन, अगर चांदी के ‘लाइफ टाइम हाई’ से इसकी तुलना करें, तो तस्वीर काफी अलग है. बीते 29 जनवरी को चांदी ने इतिहास रचते हुए पहली बार 4 लाख का आंकड़ा पार किया था और 4,20,048 रुपये प्रति किलो के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई थी. उस शिखर से तुलना करें, तो चांदी अब भी 1,75,688 रुपये प्रति किलो सस्ती मिल रही है.
सोने की कीमतों में गिरावट
चांदी की तरह सोने के भाव भी अपने उच्च स्तर से काफी कम हैं. MCX पर 2 अप्रैल की एक्सपायरी वाला सोना शुक्रवार को 1,55,895 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ.
सोने ने भी 29 जनवरी को नया रिकॉर्ड बनाया था और 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को छू लिया था. शुक्रवार को आई तेजी के बाद भी 24 कैरेट सोना अपने हाई लेवल से करीब 37,201 रुपये सस्ता मिल रहा है.
महज 16 दिनों में दिखा बड़ा बदलाव
बाजार के आंकड़ों के अनुसार, 29 जनवरी से 13 फरवरी तक के महज 16 कारोबारी दिनों में सोना और चांदी अपने हाई लेवल से काफी टूट चुके हैं. हालांकि बीच-बीच में कीमतों में रिकवरी देखी गई है, लेकिन कुल मिलाकर निवेशक और खरीदार अभी भी इसे रिकॉर्ड स्तर के मुकाबले काफी कम कीमतों पर देख रहे हैं.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
