शाहदरा युवक हत्याकांड: लव एंगल आया सामने, मां के खुलासे ने मचाई सनसनी, बताई यह बात….

Delhi (1)
The Hindi Post

नई दिल्ली | शाहदरा के गीता कॉलोनी में 19 वर्षीय यश की हत्या के मामले में जांच जारी है. प्रारंभिक जांच में पुलिस ने इसे रोडरेज से जोड़ा था लेकिन यश की मां के बयान के अनुसार, हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का एंगल सामने आया है. मां का दावा है कि यश का एक लड़की से प्रेम संबंध था. इसके चलते साजिश के तहत उसकी हत्या की गई.

19 वर्षीय यश की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन संदिग्धों को शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया है. इनमें से एक नाबालिग है. कुछ रिपोर्ट्स में तीसरे संदिग्ध की भी बात सामने आई है. आरोप है कि तीनों ने यश का गीता कॉलोनी पुस्ता फ्लाईओवर पर पीछा किया था. इसके बाद उसकी पीठ पर चाकू से कई बार वार किया. हमले के बाद यश को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्रेम प्रसंग की पुष्टि को लेकर सबूत जुटाए जा रहे हैं.

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए मृतक की मां ने कहा, “मेरा इकलौता बेटा था. मुझे और मेरे बेटे को इंसाफ चाहिए. इसीलिए इस पूरे मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए. सीबीआई जांच से ही सारी बात सामने आएगी.”

मां ने कहा, ” यश ने बताया था कि जिस लड़की से प्यार करता था, वह कई और लड़कों से बात करती थी. इस वजह से वह काफी परेशान था. हालांकि, मैंने उसे समझाया था. मेरा बेटा जिस लड़की से प्यार करता था. हम उसकी शादी कराने के लिए भी तैयार थे.”

मृतक की मां ने कहा कि आरोपी और उसका परिवार यश के पिता की फैक्ट्री में काम कर चुके हैं. वहीं, दूसरी ओर स्थानीय विधायक ने मृतक की मां को भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी.

पुलिस ने भरोसा दिलाया कि केस इतना मजबूत बनाया जाएगा कि आरोपियों को कोर्ट से सख्त से सख्त सजा दिलाई जाए. बावजूद इसके मृतक की मां सीबीआई जांच की मांग कर रही है.

IANS


The Hindi Post
error: Content is protected !!