फिर रंग बदलेगा मौसम ! हाल-बेहाल करेगी भीषण गर्मी और लू, वहीं इन राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी….

WEATHER

सांकेतिक तस्वीर / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)

The Hindi Post

फिर रंग बदलेगा मौसम ! हाल-बेहाल करेगी भीषण गर्मी और लू, वहीं इन राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी….

 

देशभर में एक बार फिर से मौसम करवट लेने वाला है. उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली समेत कई राज्यों में लू का प्रकोप देखने को मिल रहा है. वहीं भारत मौसम विभाग (IMD) ने अब बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में आने वाले 48 घंटो में बारिश होने का अनुमान जताया है. IMD ने उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में अगले 3-4 दिनों तक भीषण गर्मी और लू चलने की संभावना जताई है, जबकि पूर्वी और पूर्वोत्तर के 12 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है.

मौसम विभाग के अनुसार, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 26 से 28 अप्रैल के बीच तेज हवाओं (50-60 किमी/घंटा, झोंकों में 70 किमी/घंटा) के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना है. झारखंड में 26 अप्रैल को ओलावृष्टि भी हो सकती है. असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में इस सप्ताह व्यापक बारिश की संभावना है. कई इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है.

मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी दिल्ली में 25 से 27 अप्रैल तक तापमान 41 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. 27 अप्रैल को दिल्ली को लू से आंशिक रूप से राहत मिल सकती है, क्योंकि IMD 27 अप्रैल को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है.

उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. 27 अप्रैल तक तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे गर्मी और लू का असर बढ़ेगा. पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 25 से 27 अप्रैल के बीच लू चलने की संभावना है. हालांकि इसके बाद 28 से 30 अप्रैल के दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक और हल्की बारिश हो सकती है. जिससे तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है.

वहीं राजधानी लखनऊ में मौसम विभाग ने लू का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. जबकि वाराणसी में तापमान के 44 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है. वहीं कानपुर में भी तेज गर्मी परेशान करेगी.

बिहार में अगले 48 घंटों में मौसम करवट लेने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार, 26 से 27 अप्रैल को राज्य के कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. बारिश का यह दौर रुक-रुककर 30 अप्रैल तक जारी रहेगा. इस दौरान गर्मी और उमस का असर बना रहेगा.

राजधानी पटना में 26-27 अप्रैल को आंधी-बारिश होने की संभावना है. इस दौरान तापमान 38 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. वहीं मुजफ्फरपुर और भागलपुर में उमस परेशान करेगी लेकिन बारिश होने से कुछ राहत मिल सकती है.

IMD के अनुसार, राजस्थान में लू का प्रकोप जारी रहेगा. 24 से 26 अप्रैल तक पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में भीषण गर्मी पड़ेगी. तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. 27 से 29 अप्रैल के बीच कुछ इलाकों में मौसम बदल सकता है और हल्की बारिश या आंधी की संभावना है. राजस्थान के जयपुर का तापमान 41 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड में मौसम अपेक्षाकृत राहत भरा रहेगा. 24 से 26 अप्रैल और 28-30 अप्रैल के बीच कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. पहाड़ी इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं. तापमान सामान्य से कम या आसपास रहेगा.


The Hindi Post
error: Content is protected !!