राजधानी में आग का तांडव: बच्चों समेत 7 की मौत से मचा हड़कंप, VIDEO

PALAM FIRE (1)

भीषण आग को बुझाने की कोशिश करते दमकलकर्मी / वायरल वीडियो से लिया गया स्क्रीनग्रैब

The Hindi Post

राजधानी में आग का तांडव: बच्चों समेत 7 की मौत से मचा हड़कंप, VIDEO

 

नई दिल्ली | दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार को एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई. मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं. इस हादसे में दो अन्य लोग घायल हुए हैं, जबकि आशंका जताई जा रही है कि अभी कुछ लोग इमारत के अंदर फंसे हो सकते हैं.

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची और बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया. 25 दमकल गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया है. फिलहाल आग बुझाने के साथ-साथ सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.

अधिकारियों ने अब तक सात लोगों की मौत की पुष्टि की है. आग से बचने की कोशिश में दो लोगों ने इमारत से छलांग लगा दी थी जिस कारण वे घायल हो गए. दोनों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह इमारत चार मंजिला है. इसमें बेसमेंट भी है. साथ ही छत पर टिन शेड डला हुआ था. बेसमेंट, ग्राउंड और पहली मंजिल का उपयोग कपड़े और कॉस्मेटिक्स के सामान को रखने के लिए किया जा रहा था, जबकि दूसरी और तीसरी मंजिल पर लोग निवास करते थे.

दिल्ली पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई है और पूरे इलाके को घेर लिया गया है ताकि बचाव और सुरक्षा कार्यों में कोई बाधा न आए. इसके अलावा, सेंट्रलाइज्ड एक्सीडेंट एंड ट्रॉमा सर्विस (CATS) की एम्बुलेंस और मेडिकल टीम भी मौके पर तैनात की गई है ताकि घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके.

दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है. फिलहाल प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाना और इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है.

राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

IANS/Hindi Post Dot In

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!