वरिष्ठ कांग्रेस नेता का निधन, अस्पताल में ली अंतिम सांस

Tribute Shraddhanjali (1)
The Hindi Post

वरिष्ठ कांग्रेस नेता का निधन, अस्पताल में ली अंतिम सांस, BIG NEWS

 

नई दिल्ली | वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता और मेरठ से तीन बार सांसद रहीं मोहसिना किदवई का बुधवार को निधन हो गया. 93 साल की उम्र में किदवई ने बुधवार सुबह चार बजे अस्‍पताल में आखिरी सांस ली. नोएडा के सेक्‍टर 40 स्थित आवास से मोहसिना किदवई की अंतिम यात्रा दोपहर 3 बजे निकलेगी. मोहसिन किदवई के निधन पर कई राजनेताओं ने शोक व्‍यक्‍त किया है. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी शोक जताया है.

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा, “पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व सांसद मोहसिना किदवई जी के निधन की खबर अत्यंत दुखद है. वह कांग्रेस पार्टी की एक वरिष्ठ और निष्ठावान नेता थीं, जिनका संपूर्ण जीवन जनसेवा का उदाहरण रहा है. अपनी सादगी, सौम्यता और गरिमामय राजनीतिक सफलता से उन्होंने देश की कई पीढ़ियों की महिलाओं को प्रेरित किया. दुख की इस घड़ी में, मैं उनके परिवार और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं.”

मोहसिना किदवई की फाइल फोटो (आईएएनएस)

मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर लिखा, “कांग्रेस पार्टी की दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती मोहसिना किदवई जी के निधन से मैं अत्यंत व्यथित हूं. उन्होंने अपने जीवन के छह दशकों से अधिक समय राष्ट्र सेवा में समर्पित किया. लोकसभा और राज्यसभा में दीर्घकालिक सांसद और कई वर्षों तक कांग्रेस कार्यसमिति की एक सम्मानित सदस्य के रूप में, वह पार्टी के सबसे चुनौतीपूर्ण दौर में भी मार्गदर्शक बनी रहीं. उनका निधन कांग्रेस पार्टी और राष्ट्र के लिए एक बड़ा नुकसान है. परिवार, मित्रों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना. उनकी आत्मा को शाश्वत शांति मिले.”

मोहसिना किदवई का जन्म 1 जनवरी 1932 को बाराबंकी में हुआ था. किदवई दो बार छत्‍तीसगढ़ से राज्‍यसभा सदस्‍य भी चुनी गईं. वह 1978 उपचुनाव, 1980 और 1984 में मेरठ से सांसद चुनी गईं. इसके बाद 2004 से 2010 और 2010 से 2016 तक राज्‍यसभा की सदस्‍य रहीं. गांधी परिवार की करीबी रहीं मोहसिना किदवई केंद्र सरकार में मंत्री के अलावा हज कमेटी की अध्‍यक्ष भी रह चुकी हैं. उन्होंने कांग्रेस महासचिव के रूप में भी काम किया था. वह कांग्रेस कार्यसमिति और कांग्रेस पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्‍य भी रहीं. इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की सरकारों में केंद्रीय मंत्री रहने के दौरान किदवई ने स्‍वास्‍थ्‍य, शहरी विकास, पर्यटन और नागरिक उड्डयन जैसे मंत्रालयों में काम किया था.

 

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मोहसिना किदवई का निधन, राहुल गांधी व मल्लिकार्जुन खड़गे ने जताया शोक

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!