सरकारी अफसर की संपत्ति देख उड़े होश, करोड़ों की जब्ती
फोटो: आईएएनएस
सरकारी अफसर की संपत्ति देख उड़े होश, करोड़ों की जब्ती, BIG NEWS
बेंगलुरु | कर्नाटक के मंगलुरु में लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए उप-ड्रग कंट्रोलर कार्यालय में तैनात असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर बबू बी.एन. के आवास और कार्यालय पर छापेमारी की. यह कार्रवाई उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों के आधार पर की गई.
जानकारी के अनुसार, पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर के.एन. द्वारा दी गई शिकायत के बाद बबू बी.एन. पर सेवा अवधि के दौरान अपनी वैध आय से कहीं अधिक संपत्ति जुटाने का आरोप लगा. इसी के आधार पर 6 मार्च को मंगलुरु लोकायुक्त पुलिस स्टेशन में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया.
मामले की जांच के दौरान 7 मार्च को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक बी.पी. दिनेश कुमार के निर्देशन में छह विशेष टीमों का गठन किया गया. इन टीमों ने बबू बी.एन. से जुड़ी विभिन्न संपत्तियों पर एक साथ छापेमारी की. इन स्थानों में चिक्कबल्लापुर जिले के बागेपल्ली स्थित उनका आवास और व्यावसायिक प्रतिष्ठान, बेंगलुरु में स्थित फ्लैट व मकान, तथा मंगलुरु में उनका निवास और कार्यालय शामिल हैं.
छापेमारी के दौरान लोकायुक्त टीम ने कुल लगभग 3.37 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति जब्त की. बेंगलुरु स्थित उनके घर से 23.64 लाख रुपये नकद, साथ ही बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए.
लोकायुक्त अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त नीति के तहत की गई है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी.
इसी कड़ी में लोकायुक्त टीम ने बेल्लारी में मत्स्य विभाग के डिप्टी डायरेक्टर शिवन्ना के ठिकानों पर भी छापेमारी की. यह कार्रवाई भी आय से अधिक संपत्ति के मामले में की गई. जांच में सामने आया कि शिवन्ना के पास बेल्लारी में 14 प्लॉट, शहर में तीन मकान और विभिन्न स्थानों पर कुल 44 एकड़ जमीन है.
छापेमारी के दौरान उनके घर से 8.5 लाख रुपये नकद बरामद हुए, जबकि बैंक खातों में करीब 20 लाख रुपये जमा पाए गए. इसके अलावा तीन दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए. यह सभी संपत्तियां शिवन्ना और उनके परिवार के नाम पर दर्ज हैं. सूत्रों के अनुसार, उन्होंने करोड़ों रुपये की बेनामी संपत्ति भी अर्जित की है. फिलहाल लोकायुक्त द्वारा मामले की विस्तृत जांच जारी है.
By IANS
कर्नाटक: मंगलुरु और बेल्लारी में लोकायुक्त टीम की छापेमारी, आय से अधिक संपत्ति के मामले में कार्रवाई
