सीजफायर उल्लंघन पर सहवाग का पाकिस्तान पर तंज, कहा-“कुत्ते की…..”
Photo: IANS
नई दिल्ली | पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने शनिवार को भारत के साथ संघर्ष विराम समझौते के उल्लंघन के बाद पाकिस्तान पर निशाना साधा है. दोनों देशों ने सार्वजनिक रूप से संघर्ष विराम पर सहमति जताई थी लेकिन इसके कुछ ही घंटे बाद पाकिस्तान द्वारा सीजफायर का उल्लंघन सामने आया. अंतर्राष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर कई विस्फोटों की सूचना मिली, जिसमें पाकिस्तानी ड्रोन ने जम्मू-कश्मीर, पंजाब और राजस्थान के संवेदनशील क्षेत्रों को निशाना बनाया था.
इसको लेकर अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर सहवाग ने एक पोस्ट किया. इस पोस्ट में पाकिस्तान पर तंज कसते हुए उन्होंने लिखा, “कुत्ते की दुम टेढ़ी की टेढ़ी ही रहती है.”
बता दें कि दोनों देशों द्वारा संयुक्त रूप से संघर्ष विराम समझौते की औपचारिक घोषणा की गई थी. इसके बावजूद पाकिस्तान ने समझौते का उल्लंघन किया.
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने पुष्टि की थी कि दोनों पक्षों के सैन्य संचालन महानिदेशक (डीजीएमओ) ने तत्काल प्रभाव से सभी शत्रुताएं – चाहे भूमि, वायु या समुद्र से – समाप्त करने पर सहमति व्यक्त की है.
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने भी संघर्ष विराम की पुष्टि की थी. उन्होंने कहा, “भारत और पाकिस्तान ने गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई को रोकने पर एक समझौता किया है. भारत ने आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के खिलाफ लगातार एक दृढ़ और अडिग रुख़ बनाए रखा है – और यह ऐसा करना जारी रखेगा.”
हालांकि, इसके महज इसके कुछ ही घंटे बाद शाम को श्रीनगर में विस्फोट हुए, जिसके कारण पूरे जम्मू और कश्मीर में रेड अलर्ट और बड़े पैमाने पर ब्लैकआउट हो गया. इसके साथ ही भारतीय वायु रक्षा बलों ने राजस्थान के पोखरण और कश्मीर के बारामूला में पाकिस्तानी ड्रोन को रोका और मार गिराया, जिससे तनाव और बढ़ गया है.
