17 साल के लड़के के मर्डर मामले में दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने दी प्रतिक्रिया, कहा- “जल्द…”
फोटो क्रेडिट: आईएएनएस
नई दिल्ली | उत्तर पूर्वी दिल्ली में न्यू सीलमपुर के जे-ब्लॉक में 17 साल के एक लड़के की बेरहमी से चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई है. हत्या के बाद से आरोपी फरार हैं. इस घटना पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. मृतक के परिवार के साथ पूरा न्याय होगा.
उत्तर पूर्वी दिल्ली में सीलमपुर के जे-ब्लॉक में 17 वर्षीय एक लड़के की गुरुवार शाम को चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी. अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया, “मृतक की पहचान उसी इलाके के कुणाल के रूप में हुई है. नाबालिग लड़के पर गुरुवार शाम करीब 7.38 बजे हमला हुआ था.“
शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने बताया, “मैंने खुद पुलिस कमिश्नर से बात की है. कुणाल पर चाकुओं से हमला हुआ था. परिवार के लोग गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. हत्या के दोषियों को पुलिस गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है. हमें पूरी उम्मीद है कि आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे. मृतक के परिवार के साथ पूरा न्याय होगा. इसमें किसी भी तरह की तरह की कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी. इस मामले में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है.“
शुक्रवार सुबह पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चाकू घोंपने की घटना की सूचना सीलमपुर थाने को मिली थी. सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची थी लेकिन तब तक कुणाल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था. जहां डॉक्टरों ने नाबालिग को इलाज दिया लेकिन इलाज के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया. घटना के बाद गहन जांच के लिए क्राइम टीम को भी मौके पर भेजा गया था. सीलमपुर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने हमलावरों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए कई टीमें तैनात की हैं. वरिष्ठ अधिकारी जांच की निगरानी कर रहे हैं. अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है. हत्या का मकसद अभी तक साफ नहीं चल सका है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है. आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
वहीं, मृतक के परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है. अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है. परिजनों की मांग है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर फांसी की सज़ा देनी चाहिए.
