यूपी सरकार में मंत्री ने सीएम नितीश कुमार का बचाव करते हुए दिया था हिजाब पर बयान, अब माफी मांगते हुए कह रहे.. “मेरे….”
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से लिया गया स्क्रीनग्रैब
यूपी सरकार में मंत्री ने सीएम नितीश कुमार का बचाव करते हुए दिया था हिजाब पर बयान, अब माफी मांगते हुए कह रहे.. “मेरे….”
लखनऊ | बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा मुस्लिम महिला का नकाब हटाने वाले मामले पर यूपी सरकार के मंत्री संजय निषाद ने एक बयान दिया था. अब संजय निषाद ने इसके लिए माफी मांगी है.
निषाद पार्टी के अध्यक्ष और यूपी सरकार के मंत्री संजय निषाद ने कहा, “मेरे शब्दों से अगर किसी को ठेस पहुंची हो तो मैं वापस लेता हूं. मैंने हंसते हुए सहज भाव से अपनी स्थानीय भोजपुरी बोली में कहा था. किसी महिला, समुदाय, या धर्म के प्रति कोई दुर्भावना नहीं थी. कुछ लोग जानबूझकर एजेंडे के तहत इसे फैला रहे हैं. उनसे कहूंगा वैसा काम ना करें जिससे समाज में तनाव फैले.”
बता दें कि इससे पहले संजय निषाद ने एक इंटरव्यू में कहा था कि वो (नीतीश कुमार) भी तो आदमी ही हैं. नकाब छू लिया तो इतना पीछे नहीं पड़ जाना चाहिए. वहीं इस पूरे मामले पर समाजवादी पार्टी की नेता व प्रवक्ता सुमैया राणा ने नीतीश कुमार और संजय निषाद के खिलाफ कैसरबाग कोतवाली में शिकायत की है.

वहीं, इस बयान के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. दरअसल, पटना में एक महिला डॉक्टर का नकाब हटाए जाने से जुड़े मामले में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बचाव किया था.
संजय निषाद को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता का कहना था कि ऐसी मानसिकता के लोगों से उत्तर प्रदेश की हर मां-बेटी को बचाना है. ऐसे लोग किसी की भी मां-बहन और बेटी की इज्जत नहीं कर सकते, फिर वो किसी भी धर्म को मानने वाली हों.
बता दें कि बिहार के सीएम नीतीश कुमार एक नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में पहुंचे थे. नीतीश कुमार नियुक्ति पत्र सौंप रहे थे. इसी दौरान एक मुस्लिम युवती नियुक्ति पत्र लेने के लिए पहुंची थी. उस युवती ने हिजाब पहन रखा था. सीएम नीतीश ने नियुक्ति पत्र देने के बाद उसका नकाब हटाने की कोशिश की. इसका वीडियो तेजी से वायरल हो गया. इस वायरल वीडियो पर यूपी सरकार में मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने प्रतिक्रिया दी थी जिसके बाद उन्होंने इस पर माफी मांगी है. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए संजय निषाद ने कहा कि उनके काम को जनता जानती है.
