मनमोहन सिंह को क्यों सौंपी थी देश की बागडोर? सोनिया गांधी ने किताब में किया खुलासा

sonia_manmohan_50kb

फाइल फोटो | आईएएनएस

The Hindi Post

मनमोहन सिंह को क्यों सौंपी थी देश की बागडोर? सोनिया गांधी ने किताब में किया खुलासा

 

नई दिल्ली | कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथात्मक पुस्तक ‘बिलोंगिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ मंगलवार को बाजार में आ गई. इस संस्मरण में वर्ष 2004 में खुद प्रधानमंत्री बनने के बजाय डॉ. मनमोहन सिंह को शीर्ष संवैधानिक पद के लिए नामित करने के उनके बहुचर्चित फैसले के कारणों को साझा किया गया है.

एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के अनुसार, पुस्तक में सोनिया गांधी ने स्पष्ट किया है कि दो कार्यकाल तक प्रधानमंत्री रहे और 2024 में 92 वर्ष की आयु में दिवंगत हुए डॉ. सिंह को उन्होंने इस शीर्ष पद के लिए सबसे उपयुक्त क्यों माना था. उन्होंने लिखा है कि वह डॉ. सिंह को बेदाग छवि, अटूट सत्यनिष्ठा और शासन व लोक प्रशासन की असाधारण समझ रखने वाला व्यक्तित्व मानती थीं.

तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का मानना था कि डॉ. सिंह की नियुक्ति से संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार की कार्यक्षमता और पूर्ववर्ती वर्षों में शुरू की गई आर्थिक नीतियों को आगे बढ़ाने को लेकर विभिन्न वर्गों में व्याप्त चिंताएं दूर होंगी.

हार्परकॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित अपने संस्मरण में सोनिया गांधी ने लिखा, “पार्टी में कई ऐसे वरिष्ठ और अनुभवी सहयोगी थे जो इस पद के योग्य थे और इसे स्वीकार करने के लिए पूरी तरह तैयार भी थे लेकिन उन सभी के बीच एक ऐसा व्यक्ति था जिसकी निष्कलंक छवि लंबे समय से मेरी नजर में थी और जिसके पास शासन व्यवस्था की गहरी व परिपक्व समझ थी. वह थे कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य डॉ. मनमोहन सिंह.”

सोनिया गांधी के अनुसार, 1990 के दशक में देश के आर्थिक परिवर्तन की नींव रखने वाले पूर्व वित्त मंत्री डॉ. मनमोहन सिंह कांग्रेस की किसी भी गुटीय राजनीति से पूरी तरह दूर थे. वाम दलों के बाहरी समर्थन से बनने वाली नई गठबंधन सरकार की आर्थिक नीतियों और स्थिरता पर जनता व निवेशकों का भरोसा बनाए रखने के लिए डॉ. मनमोहन सिंह सबसे उपयुक्त चेहरा थे.

कठिन संघर्षों और अभावों में पले-बढ़े डॉ. सिंह ने अपनी प्रखर मेधा के बल पर ग्रामीण स्कूल से ऑक्सफोर्ड और कैम्ब्रिज जैसे वैश्विक मंचों तक का सफर तय किया था. सोनिया गांधी ने लिखा कि उनकी अटूट सत्यनिष्ठा, संवेदनशीलता और विशाल प्रशासनिक अनुभव ने उन्हें पूरा भरोसा दिलाया कि देश की बागडोर उनके हाथों में पूरी तरह सुरक्षित रहेगी. जब उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ सहयोगियों से इस पर चर्चा की, तो किसी ने भी डॉ. सिंह के नाम का विरोध नहीं किया.

संस्मरण में इस बात का भी खुलासा हुआ कि शुरुआत में डॉ. सिंह ने प्रधानमंत्री पद संभालने से इनकार कर दिया था लेकिन बाद में बातचीत के बाद वह राजी हो गए थे. 18 मई 2004 को जब दोनों (सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह) सरकार गठन के सिलसिले में राष्ट्रपति भवन गए थे और वहां से 10, जनपथ लौट रहे थे तब तक डॉ. सिंह से इस फैसले पर सीधी बात नहीं हुई थी. उस क्षण तक डॉ. सिंह भी बाकी सभी की तरह यही मानकर चल रहे थे कि सोनिया गांधी ही देश की अगली प्रधानमंत्री बनने जा रही हैं.

 

IANS/Hindi Post Dot In

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!