रॉटविलर कुत्तों ने महिला को बीच सड़क बुरी तरह नोचा, शरीर पर आए 13 गहरे घाव, हालत गंभीर
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)
रॉटविलर कुत्तों ने महिला को बीच सड़क बुरी तरह नोचा, शरीर पर आए 13 गहरे घाव, हालत गंभीर
कानपुर | कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत फ्रेंड्स कॉलोनी से दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है. यहां रविवार शाम तीन रॉटविलर कुत्तों ने 55 वर्षीय महिला पर हमला कर दिया. जानकारी के अनुसार, ये कुत्ते एक कांग्रेसी नेता के भाई के बताए जा रहे हैं. इस हमले में महिला के शरीर पर 13 गहरे घाव आए हैं जिसे डॉक्टरों ने बेहद गंभीर, यानी ग्रेड-3, डॉग बाइट की श्रेणी में रखा है. पीड़िता को प्राथमिक उपचार के बाद हैलट हॉस्पिटल के लिए रेफर किया गया है जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.
जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब गीता पहली बार इस इलाके में खाना बनाने और घरेलू काम के लिए आई थीं. इस दौरान रास्ते से जाते समय ही उन पर यह हमला हो गया. कुत्तों के हमले से महिला बुरी तरह घबरा गई और चीखने-चिल्लाने लगी. तभी महिला की चीख-पुकार सुनकर पास में सामान देने आए एक डिलीवरी बॉय ने साहस दिखाया और कुत्तों पर ईंट-पत्थर फेंककर उन्हें हटाने का प्रयास किया. इसी दौरान पार्क में खेल रहे बच्चे भी क्रिकेट बैट और डंडों के साथ मौके पर पहुंचे और कुत्तों को खदेड़ा.
Kanpur, Uttar Pradesh: A 55-year-old woman was seriously injured after being attacked by three pet Rottweiler dogs in Kanpur’s Friends Colony. She suffered over 13 deep bite wounds and was hospitalized.
Injured Woman’s Husband says, “She was walking through a lane when three… pic.twitter.com/mcGfHk7k4e
— IANS (@ians_india) June 20, 2026
स्थानीय महिलाओं के अनुसार, अगर समय पर मदद न मिलती तो घटना और अधिक घातक हो सकती थी. हादसे के बाद पीड़िता की बेटियां बॉबी और तेजस्वी उन्हें स्कूटी से अस्पताल ले गईं. गीता के पति ज्योति प्रकाश एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं. घटना की प्रत्यक्षदर्शी और स्थानीय निवासी सीमा दीक्षित ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचीं तो पीड़िता लहूलुहान अवस्था में थीं और हमले के कारण उनके कपड़े फट चुके थे.
उन्होंने तुरंत अपने दुपट्टे से पीड़िता के शरीर को ढका और अन्य लोगों के सहयोग से उन्हें तत्काल अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की. स्थानीय निवासी रतन गुप्ता ने बताया कि इन कुत्तों के कारण क्षेत्र में लंबे समय से असुरक्षा का माहौल है और बच्चे पार्क में जाने से डरते हैं. उन्होंने जानकारी दी कि करीब चार से छह महीने पहले भी इन कुत्तों ने एक पांच वर्षीय बच्ची को अपना शिकार बनाया था. गुप्ता का आरोप है कि मालिकों द्वारा कुत्तों को अक्सर सार्वजनिक स्थानों पर खुला छोड़ दिया जाता है, जिससे राहगीरों के लिए खतरा बना रहता है.
IANS
यूपी कानपुर में रॉटविलर कुत्तों ने महिला को 13 जगहों पर नोंचा, अस्पताल में हालत गंभीर
