DGCA ने एयर इंडिया से पूछा, “आपके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए”, पेरिस-दिल्ली फ्लाइट में हुई घटनाओं पर AI को जारी किया गया कारण बताओ नोटिस
Photo: IANS
नई दिल्ली | नागरिक उड्डयन निदेशालय DGCA ने सोमवार को कहा कि 6 दिसंबर 2022 को पेरिस-नई दिल्ली फ्लाइट में यात्रियों के दुर्व्यवहार की दो घटनाओं के संबंध में एयर इंडिया की प्रतिक्रिया सुस्त रही. इस कारण DGCA ने एयर इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया है.
DGCA ने कहा कि एयर इंडिया ने तब तक घटना की सूचना नहीं दी जब तक कि उनसे 5 जनवरी को घटना की रिपोर्ट नहीं मांगी गई.
6 दिसंबर को पेरिस-नई दिल्ली एयर इंडिया फ्लाइट एआई-142 में यात्रियों के दुर्व्यवहार की दो घटनाएं DGCA के संज्ञान में आई.
पहली घटना में एक यात्री शौचालय में धूम्रपान करते पकड़ा गया था, वह नशे में था और चालक दल की बात नहीं मान रहा था. दूसरी घटना में एक अन्य यात्री ने कथित तौर पर एक खाली सीट और कंबल पर पेशाब कर दिया था. उस समय महिला शौचालय गई हुई थी.
इन दो घटनाओं के बाद डीजीसीए ने एयर इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया है कि पूछा कि उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए. एयर इंडिया को जवाब देने के लिए दो हफ्ते का समय दिया गया है. साथ ही कहा गया है कि जो जवाब मिलेगा उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
स्थापित नियमों के अनुसार, यदि फ्लाइट में किसी यात्री के साथ दुर्व्यवहार की कोई घटना होती है तो संबंधित एयरलाइन विमान के उतरने के 12 घंटे के भीतर DGCA को सूचित करने की जिम्मेदार होती है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस
