रेखा गुप्ता बनी दिल्ली की मुख्यमंत्री, 6 विधायकों ने भी ली शपथ, जानिए कौन-कौन बना मंत्री?

Rekha Gupta 3 (1)
The Hindi Post

नई दिल्ली | दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ 6 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली. इन मंत्रियों में प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल हैं.

उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने सबसे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को शपथ दिलवाई. इसके बाद प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, पंकज कुमार सिंह और अंत में रविंदर इंद्राज सिंह ने शपथ ली.

शपथ ग्रहण में रामलीला मैदान खचाखच भरा था. शपथ ग्रहण समारोह के लिए तीन अलग-अलग मंच तैयार किए गए थे. मुख्य मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराज्यपाल वीके सक्सेना, मनोनीत मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के सहयोगी सदस्य, और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम भी उपस्थित थे. दूसरे मंच पर धर्मगुरुओं और विशिष्ट अतिथि मौजूद थे, जबकि तीसरे मंच पर संगीत कार्यक्रम से जुड़े कलाकार मौजूद थे.

रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बन गई हैं. उन्होंने रामलीला मैदान में अपने पद की शपथ ग्रहण की. यह भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के लिए एक ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि 27 साल बाद पार्टी दिल्ली की सत्ता में वापस आई है. सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनी हैं.

 

रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार बंदना कुमारी को हराया था. इस सीट पर उन्होंने 29,000 से अधिक वोटों के अंतर से शानदार जीत हासिल की थी.

बता दें कि बुधवार शाम विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता को सीएम चुना गया था. सीएम चुने जाने के बाद पहली बार मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, “पीएम मोदी ने जो दिल्ली की जनता के लिए विजन दिया है, उसे पूरा करना मेरी प्राथमिकता होगी. पीएम मोदी का तहे दिल से आभार जताना चाहती हूं कि यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं है, बल्कि यह देश की हर मां-बेटी का सम्मान है.”

रेखा गुप्ता दिल्ली की शालीमार बाग सीट से पहली बार विधायक चुनी गई हैं. उन्होंने ‘आप’ की बंदना कुमारी को 29,595 मतों के अंतर से हराया था.

गत 8 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आए थे. भाजपा को 26 साल बाद ऐतिहासिक जीत मिली हैं. उसने 70 में से 48 सीटें जीतीं, जबकि आम आदमी पार्टी 22 पर सिमट गई.

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!