बैंकों में पड़े अनक्लेम्ड डिपॉजिट्स का पता लगाना हुआ आसान, RBI गवर्नर ने लॉन्च किया UDGAM वेब पोर्टल
RBI गवर्नर शक्तिकांता दास (फोटो: आईएएनएस)
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर शक्तिकांत दास ने गुरुवार को सेंट्रलाइज्ड वेब पोर्टल – उद्गम/UDGAM (अनक्लेम्ड डिपॉजिट्स – गेटवे टू एक्सेस इनफॉर्मेशन) को लॉन्च किया. लोग UDGAM के माध्यम से बैंको में पड़े अनक्लेम्ड डिपाजिट के बारे में पता लगा सकेंगे.
आरबीआई ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि गवर्नर शक्तिकांत दास ने इस वेब पोर्टल को लॉन्च किया है. इस पोर्टल को आरबीआई ने ही डेवलप किया है. इस वेब पोर्टल के जरिए आम लोगों को बैंकों में जमा अपने या अपनों के अनक्लेम्ड डिपॉजिट्स का पता लगाने में मदद मिलेगी भले ही एक से ज्यादा ही बैंकों में क्यों ना रकम जमा हो.
फिलहाल, इस पोर्टल पर सात बैंक उपस्थित है. लोग इन्हीं बैंको से संबंधित विवरण इस पोर्टल से हासिल कर सकते है. बाकी बैंकों में जमा अनक्लेम्ड डिपॉजिट्स के डिटेल्स चरणबद्ध तरीके से 15 अक्टूबर 2023 तक पोर्टल पर अपलोड कर दिए जाएंगे.
बता दे कि 6 अप्रैल, 2023 को आरबीआई ने अनक्लेम्ड डिपॉजिट्स का पता लगाने के लिए सेंट्रलाइज्ड वेब पोर्टल डेवलप करने की घोषणा की थी.
बैंको में अनक्लेम्ड डिपाजिट में काफी बढ़ोतरी हुई है. इसी के मद्देनजर इस पोर्टल को लांच किया गया है. आरबीआई इस मामले पर जनता को जागरूक करने के लिए समय-समय पर जन जागरूकता अभियान भी चलाती है.
जागरूकता अभियानों के माध्यम से आरबीआई लोगों को अनक्लेम्ड डिपाजिट पर दावा करने और उसे हासिल करने के लिए प्रेरित करती है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
