बलात्कार और हत्या के दोषी राम रहीम को मिली 50 दिन की पैरोल, 4 साल में नौवीं बार मिली पैरोल

Gurmeet Ram Rahim Singh

गुरमीत राम रहीम सिंह (फाइल फोटो | आईएएनएस)

The Hindi Post

चंडीगढ़ | बलात्कार और हत्या के दोषी डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को चार साल में नौवीं बार शुक्रवार को 50 दिन की पैरोल दी गई. राम रहीम हरियाणा की जेल में 20 साल की सजा काट रहा है.

पैरोल के बाद राम रहीम उत्तर प्रदेश के बागपत में अपने संप्रदाय के डेरा में रहेगा.

जेल से उसकी आखिरी रिहाई नवंबर 2023 में 21 दिनों के लिए हुई थी. पिछले साल उसे तीन बार पैरोल दी गई थी.अब तक उसे 184 दिनों की पैरोल और फर्लो दी जा चुकी है.

बलात्कार और हत्या के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद वह अगस्त 2017 से सुनारिया जेल (हरियाणा) में बंद है. हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में उसके बड़ी संख्या में अनुयायी हैं.

जेल मैनुअल के मुताबिक, एक दोषी एक साल में 70 दिन की पैरोल का हकदार है.

राम रहीम को दो महिलाओं से बलात्कार के आरोप में अगस्त 2017 में 20 साल जेल की सजा सुनाई गई थी.

जनवरी 2019 में पंचकुला की एक विशेष सीबीआई अदालत ने 16 साल पहले पत्रकार राम चंदर छत्रपति की हत्या के लिए राम रहीम और तीन अन्य को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी.

25 अगस्त, 2017 को उसकी सजा के कारण पंचकुला और सिरसा में जमकर हिंसा हुई थी जिसमें 41 लोग मारे गए थे और 260 से अधिक घायल हो गए थे.

आईएएनएस


The Hindi Post
error: Content is protected !!