चार मंजिला इमारत में कैसी लगी थी आग? आग लगने के कारण आए सामने, दर्दनाक घटना में हुई थी 6 लोगों की मौत

Delhi Fire (1)

आग पर काबू करने का प्रयास करते हुए अग्निशमन विभाग के जवान (फाइल फोटो)

The Hindi Post

नई दिल्ली | दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में गुरुवार को एक घर में आग लगने से चार महिलाओं सहित छह लोगों की मौत हो गई थी. इस भीषण अग्निकांड से पीतमपुरा के लोग सकते में है.

सूत्रों के अनुसार, दरवाजे पर इलेक्ट्रॉनिक ताले लगे हुए थे. इन तालों में कुछ तकनीकी खराबी के कारण घर में रहने वाले लोग आग लगने की स्थिति में बाहर नहीं निकल सके.

मृतकों की पहचान 62 वर्षीय राकेश गुप्ता, 62 वर्षीय उनकी पत्नी रेनू गुप्ता, 30 वर्षीय श्वेता, 25 वर्षीय कीर्ति, 27 वर्षीय शानू वर्मा और 25 वर्षीय संतोष के रूप में हुई है. ये सभी उस चार मंजिला इमारत के निवासी थे जहां पहली और दूसरी मंजिल पर आग लगी थी.

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आग घर की पहली मंजिल पर रखे रूम हीटर में लगी थी. हालांकि, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है.

ऐसा माना जा रहा है कि हीटर, जिसका उपयोग संभवतः गीले कपड़े को सुखाने के लिए किया जा रहा था, से आग की लपटें उठीं होंगी जिसने तेजी से डुप्लेक्स हाउस को अपनी चपेट में ले लिया था.

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, पहली मंजिल पर रहने वाली एक बुजुर्ग महिला दवा खरीदने के लिए घर से निकलने से पहले रूम हीटर चालू कर गई थी. ऐसा अंदेशा है कि उनकी अनुपस्थिति में हीटर के पास रखे कपड़ों में आग लगी होगी, जो बाद में पूरी बिल्डिंग में तेजी से फैल गई.

तीसरी और चौथी मंजिल पर रहने वालों ने खिड़कियां खोलकर वहां से निकलने का प्रयास किया होगा पर हवा में घना धुआं छा जाने के कारण ऐसा करना संभव नहीं हुआ होगा.

दूसरी तरफ इलेक्ट्रॉनिक दरवाजे पर लगे आटोमेटिक लॉक इमरजेंसी की स्थिति में खुले नहीं. इससे ये लोग अंदर ही फंस गए.

जांच कर रहे अधिकारियों ने खुलासा किया है कि दरवाजों और पहली मंजिल पर लगे कंट्रोल बॉक्स को जोड़ने वाले तार आग में क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे इलेक्ट्रॉनिक लॉकिंग सिस्टम बेकार हो गया. नतीजा यह हुआ कि दरवाजे खुले नहीं और सब अंदर ही फंस गए.

अंदर फंसे लोगों को बचाने का काफी प्रयास किया गया पर बचाया नहीं जा सका. दम घुटने से सभी छह लोगों की मौत हो गई.

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “मौर्य एन्क्लेव थाने में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 285, 336 और 304 ए के तहत मामला दर्ज किया गया है.” मामले में जांच जारी है.

हिन्दी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!