अपने पति और बच्चों को छोड़ कर महिला बॉयफ्रेंड के साथ पहुंची कुवैत, बदला अपना धर्म और नाम
जयपुर | राजस्थान के डूंगरपुर की रहने वाली दीपिका का नया नाम है नजीरा. दीपिका ने इस्लाम धर्म अपना लिया है और इसके साथ ही उसका नाम भी बदल गया है.
दीपिका अपने बॉयफ्रेंड के साथ कुवैत चली गई है. वो पीछे अपने पति और दो बच्चों को छोड़ गई है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पांच मिनट के वीडियो में दीपिका को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि उसने इस्लाम धर्म अपना लिया है.
दीपिका 13 जुलाई को लापता हो गई थी. उसी दिन उसने मुंबई में अपने पति मुकेश पाटीदार को वाट्सएप कॉल किया था और कहा था, “तुम मुझसे परेशान रहते हो इसलिए मैं (रिश्ता तोड़कर) बाहर आ गई हूं.”

यह सुनकर मुकेश आनन-फानन में मुंबई से डूंगरपुर लौट आया था. उसने 15 जुलाई को दीपिका की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
करीब एक महीने तक मुकेश अपनी पत्नी की तलाश करता रहा, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला.
बुर्का पहने दीपिका की एक युवक के साथ फोटो 13 अगस्त को सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी. फोटो में दिख रहा युवक गुजरात के नवानगर का रहने वाला इरफान हैदर है. जब हैदर के परिजनों से संपर्क किया गया तो पता चला कि दीपिका हैदर के साथ कुवैत चली गई है.
उसके परिवार वालों का आरोप है कि इस्लाम कबूल करवाने के लिए दीपिका का ब्रेनवॉश किया गया.
वीडियो में दीपिका उर्फ नजीरा को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “मैं परेशान होकर अपना घर छोड़ आई थी. पिछले 10 साल से मेरे साथ क्या हो रहा था? मैं अपने बच्चों की वजह से सब कुछ सहन कर रही थी, लेकिन मैं इसे और बर्दाश्त नहीं कर सकती. इसलिए मैंने यह कदम उठाया. मैं अपनी मर्जी से यहां आई हूं. मैंने अपनी मर्जी से इस्लाम धर्म कबूल किया है.”
दीपिका ने इस वीडियो में अपने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए है. उसने अपने ससुर पर रात में उसके कमरे का दरवाजा खटखटाने और उसे गलत तरीके से छूने की कोशिश करने का आरोप लगाया है.
उसने कहा, “मैंने कई बार अपने पति और अपने परिवार वालों को इस बारे में बताया, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया. जब मेरे पति ने भी मेरा साथ नहीं दिया तो मैं परेशान हो गई… मैंने सात बार आत्महत्या करने की भी कोशिश की. मेरे पिता ने यह कहकर मुझे शांत करने की कोशिश की कि सब कुछ ठीक हो जाएगा… लेकिन कुछ नहीं बदला.”
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस
