सोनम रघुवंशी ने पति राजा के मर्डर वाले दिन क्या-क्या किया? सामने आ गई पूरी कहानी

SONAM RAGHUVANSHI 2

Photo: Social Media

The Hindi Post

शिलांग | इन दिनों देश में राजा रघुवंशी हत्याकांड खूब चर्चा में है. राजा की हत्या की साजिश उसकी पत्नी सोनम ने कथित तौर पर रची थी. इस हत्याकांड में जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, कई सनसनीखेज खुलासे होते जा रहे हैं. हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी कड़ी सुरक्षा में यूपी के गाजीपुर से शिलांग लौट चुकी है. बुधवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा. इस बीच हत्याकांड की जांच कर रही मेघालय पुलिस ने वारदात के दिन की पूरी टाइमलाइन साझा की है.

पुलिस के अनुसार, सुबह 5:30 बजे शिप्रा होटल से राजा, सोनम और तीनों हत्यारोपियों ने चेक आउट किया. सुबह 6:00 बजे सोनम और राजा ने चढ़ाई शुरू की. सोनम रास्ते में रुकी और किलर्स से बातचीत की. सुबह 7:00 बजे सोनम और राजा एक दुकान पर चाय पीने रुके. तीनों हत्यारोपी भी आसपास थे. सुबह 10 बजे सोनम और राजा ने 2000 सीढ़ियां चढ़ीं. एक टूरिस्ट गाइड ने उन्हें तीन लड़कों ( किलर) के साथ देखा.

दोपहर 12 बजे राजा की किलर्स से दोस्ती हुई. सोनम पीछे चलने लगी, जबकि राजा और हत्यारोपी आगे थे. दोपहर 12:30 बजे सोनम ने अपनी सास को फोन किया. इसमें उसने चढ़ाई और थकान का जिक्र किया. दोपहर 1 से डेढ के बीच सोनम ने इशारा किया और विशाल ( किलर) ने पहला वार किया. दोपहर 02:15 बजे सोनम ने राजा के फोन से एक पोस्ट किया, जिसमें दुख का जिक्र था, और फोन को खाई में फेंक दिया. दोपहर 2:30 बजे राजा की हत्या के बाद उसे खाई में फेंक दिया गया.

इस पूरे हत्याकांड के घटनाक्रम पर नजर डाले तो पता चलता है कि 23 मई को राजा रघुवंशी की हत्या हुई. 24 मई को राजा की पत्नी सोनम फरार हुई. 25 मई को इंदौर में राज कुशवाहा से मुलाकात की, फिर 9 जून को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में सोनम ने सरेंडर कर दिया. सरेंडर करने से पहले उसने अपने भाई से बात की. इस दौरान वह फूट-फूटकर रोने लगी. पुलिस को सूचना मिलने पर उसे गाजीपुर के एक ढाबे से हिरासत में लिया गया. 10 जून कोर्ट में पेशी हुई. कोर्ट ने उसका तीन दिन का ट्रांजिट रिमांड मंजूर किया. 11 जून को पटना होते हुए सोनम को शिलांग लाया गया.

इस बीच सोनम का परिवार मेघालय पुलिस पर कहानी रचने का आरोप लगा रहा है. परिवार का मानना है कि सोनम ऐसा नहीं कर सकती है.

आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!