राम मंदिर के दर्शन के लिए अयोध्या जाएंगे राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद ने दी बड़ी जानकारी

Rahul Gandhi 22 (1) (1)

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (फाइल फोटो | आईएएनएस)

The Hindi Post

राम मंदिर के दर्शन के लिए अयोध्या जाएंगे राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद ने दी बड़ी जानकारी

 

लखनऊ | उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जल्द ही अयोध्या के राम मंदिर जाएंगे और रामलला के दर्शन करेंगे.

तनुज पुनिया ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि जब राम मंदिर का उद्घाटन हुआ था, उस समय राहुल गांधी ने खुद कहा था कि मंदिर का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है, इसलिए वह अधूरे मंदिर में पूजा के लिए नहीं जाएंगे. उन्होंने कहा था कि जब मंदिर पूरी तरह तैयार हो जाएगा, ध्वज और शिखर स्थापित हो जाएंगे और नियमित पूजा शुरू हो जाएगी, तब वह दर्शन करेंगे. चूंकि अब मंदिर का ध्वज लग चुका है, शिखर स्थापित हो गया है और पूजा-अर्चना भी शुरू हो चुकी है, ऐसे में राम मंदिर को पूर्ण माना जा सकता है. इसी कारण राहुल गांधी अब अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करेंगे.

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी अपने समय और सुविधा के अनुसार ही मंदिर जाएंगे.

कांग्रेस सांसद ने यह भी स्पष्ट किया कि राहुल गांधी भगवान श्रीराम में आस्था रखते हैं और सभी देवी-देवताओं का सम्मान करते हैं.

उन्होंने कहा कि संसद में दिए गए राहुल गांधी के भाषणों को सुना जाए तो साफ पता चलता है कि उन्होंने भगवान महादेव और भगवान शिव का भी उल्लेख किया है. राहुल गांधी हिंदू धर्म में विश्वास रखते हैं और उसकी परंपराओं का सम्मान करते हैं.

इस दौरान यूपी की राजनीति से जुड़े अन्य सवालों पर भी तनुज पुनिया ने प्रतिक्रिया दी. 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर प्रियंका गांधी की भूमिका पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी एक राष्ट्रीय नेता हैं. पूरा देश उनका सम्मान करता है. वह केरल से सांसद हैं और उनके पारिवारिक रिश्ते रायबरेली, अमेठी और पूरे उत्तर प्रदेश से जुड़े हुए हैं. ऐसे में उन्हें किसी एक राज्य तक सीमित करके देखना उचित नहीं है.

वहीं, वरुण गांधी को लेकर पूछे गए सवाल पर तनुज पुनिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में उनका पूरे दिल से स्वागत है. उन्होंने कहा कि भाजपा में वरुण गांधी को टिकट तक नहीं दिया गया. अगर वह कांग्रेस में आना चाहते हैं तो पार्टी के दरवाजे उनके लिए खुले हैं.

तनुज पुनिया के इस बयान के बाद राहुल गांधी के अयोध्या दौरे और उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.

आईएएनएस

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!