राहुल गांधी ने पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का इंटरव्यू लिया, पुलवामा हमले पर बोले मलिक – उन्होंने (पीएम मोदी) मुझसे कहा कि आपको कुछ नहीं बोलना है.. चुप रहना
Photo Source: Rahul Gandhi's YouTube Channel, @rahulgandhi (Via IANS)
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जम्मू कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक से बातचीत की. 28 मिनट 17 सेकंड की इस बातचीत में राहुल गांधी ने सत्यपाल मलिक से पुलवामा, किसान आंदोलन, MSP, जातिगत जनगणना, मणिपुर में हिंसा समेत तमाम मुद्दों पर बात की. बातचीत के दौरान सत्यपाल मलिक ने कहा, ”चुनाव में सिर्फ 6 महीने रह गए हैं. मैं लिखकर दे रहा हूं कि ये (मोदी सरकार) अब नहीं आएगी.”
पुलवामा हमले पर क्या बोले सत्यपाल मलिक?
राहुल गांधी ने जब पुलवामा हमले को लेकर सवाल पूछा तो सत्यपाल मलिक ने कहा, पुलवामा हमले को लेकर मैं ये तो नहीं कहूंगा कि इन्होंने कराया, लेकिन मैं ये जरूर कहूंगा कि इन्होंने उसे इग्नोर किया और उसका राजनीतिक इस्तेमाल किया. इनके बयान हैं कि जब वोट देने जाओ, तो पुलवामा की शहादत याद रखना. इस दौरान राहुल गांधी ने बताया कि जब एयरपोर्ट पर शहीदों के पार्थिव शरीर लाए गए, तो मुझे कमरे में बंद कर दिया गया था. मैं लड़कर वहां से निकला.
सत्यपाल मलिक ने कहा, पीएम को श्रीनगर जाना चाहिए था. राजनाथ सिंह वहां आए थे. मैं वहां था. हमने श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा, जिस दिन ये हुआ, ये (पीएम मोदी) नेशनल कार्बेट में शूटिंग कर रहे थे. तो मैंने इनसे बात करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हुई. 5-6 बजे उनका कॉल आया, क्या हुआ? मैंने घटना के बारे में बताया. मैंने कहा, हमारी गलती से इतने लोग मर गए हैं. तब उन्होंने (पीएम मोदी) ने मुझसे कहा कि आपको कुछ नहीं बोलना है. इसके बाद मेरे पास डोभाल का फोन आया, उन्होंने कहा, आपको कुछ नहीं बोलना है. मैंने कहा ठीक है… जांच करानी होगी, शायद उसपर असर होगा. उसमें कुछ नहीं हुआ, न ही होना है.
सत्यपाल मलिक ने कहा, सीआरपीएफ ने गृह मंत्रालय से 5 एयरक्राफ्ट मांगे थे. चार महीने तक आवेदन गृह मंत्रालय के पास रही. बाद में उन्होंने खारिज कर दिया. ये चार महीने तक लटकाए रहे. अगर मेरे पास आती, तो मैं कुछ करता. ये इनपुट था कि अटैक हो सकता है. जो गाड़ी टकराई थी, वह विस्फोटक से भरी हुई 10 दिन से पूरे में घूम रही थी.
सरकार वादा निभाने में विफल
अदाणी के मुद्दे पर बोलते हुए सत्यपाल मलिक ने कहा कि सरकार MSP पर अपना वादा निभाने में विफल रही क्योंकि अदाणी ने बड़े-बड़े गोदाम बनाए हैं. औने-पौने दाम पर फसलें खरीदीं, अगले साल उनकी कीमतें बढ़ेंगी और वह उन्हें बेचेंगे. अगर MSP लागू होता है, तो किसान अपने उत्पाद सस्ती दर पर नहीं बेचेंगे.
सरकार का मणिपुर में नियंत्रण नहीं
राहुल गांधी और सत्यपाल मलिक के बीच मणिपुर की स्थिति को लेकर भी चर्चा हुई. सत्यपाल मलिक ने कहा कि सरकार का मणिपुर में कोई नियंत्रण नहीं है. उन्होंने दावा किया कि यह सब अब सिर्फ छह महीने के लिए है. मैं लिखित में दे सकता हूं. वे सत्ता में वापस नहीं आएंगे.
(यह पूरी बातचीत का अंश मात्र है)
