1 अरब से ज्यादा कीमत का सोना मिला टेम्पो में, जांच में जुटा आयकर विभाग
सांकेतिक तस्वीर
पुणे (महाराष्ट्र) से बड़ी खबर सामने आई है. यहां पुलिस ने भारी मात्रा में सोना बरामद किया है. चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस ने एक टेंपो से यह सोना पकड़ा है.
इस सोने की कीमत 138 करोड़ से अधिक की बताई जा रही है. सहकार नगर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि पद्मावती कॉम्प्लेक्स के पास एक चेक-पोस्ट पर उन्हें टेंपो आता हुआ दिखाई दिया. इसे रोककर गहन तलाशी ली गई.
पुलिस उपायुक्त (द्वितीय) स्मार्टाना पाटिल ने मीडियाकर्मियों को बताया कि वाहन की तलाशी लेने के दौरान पुलिस को कई सफेद बैग मिले, जिनमें बक्से थे. इन्हें खोलने पर बड़ी मात्रा में चमचमाते सोने के आभूषण मिले.
उन्होंने कहा कि जब टेंपो (MH-02-ER-8112) में रखे सोने के आभूषण के बारे में ड्राइवर से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि यह सामान मुंबई से पुणे जा रहा था.
डीसीपी ने आगे कहा, “हमने जांच की और फिर आयकर विभाग (आईटीडी) को इस जब्ती (बरामद सोने को जब्त कर लिया) के बारे में सूचित किया. अब हम यह जांच कर रहे है कि गहनों को यहां क्यों लाया गया था.
डीसीपी ने कहा कि नकदी (कैश) और कीमती सामान का इस्तेमाल 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनावों में मतदाताओं को लुभाने के लिए किया जा सकता है.
इससे पहले 21 अक्टूबर को पुणे-सतारा हाईवे पर खेड़-शिवपुर टोल प्लाजा के पास एक एसयूवी जब्त की गई थी. इसमें 5 करोड़ रुपये नकद मिले थे. यह एसयूवी मुंबई से कोल्हापुर जा रही थी. पूरे मामले की जांच की जा रही है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
