मध्य पूर्व तनाव का असर: इस कंपनी ने बढ़ाए पेट्रोल-डीजल के दाम, जानिए कितनी हुई वृद्धि ?
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)
मध्य पूर्व तनाव का असर: इस कंपनी ने बढ़ाए पेट्रोल-डीजल के दाम, जानिए कितनी हुई वृद्धि ?
नई दिल्ली | नई दिल्ली | निजी क्षेत्र की प्रमुख ईंधन कंपनी – नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल के दामों में बड़ी बढ़ोतरी कर दी है. कंपनी ने पेट्रोल की कीमतों में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया है. इस फैसले के साथ ही नायरा उन चुनिंदा कंपनियों में शामिल हो गई है जिन्होंने पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी कर दी है.
हालांकि, अलग-अलग राज्यों में वैट जैसे स्थानीय टैक्स के कारण कीमतों में थोड़ा फर्क हो सकता है. कुछ जगहों पर पेट्रोल की कीमत 5.30 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ गई है.
यह बढ़ोतरी ऐसे समय में की गई है जब मध्य पूर्व (मिडिल ईस्ट) में बढ़ते तनाव विशेषकर इजरायल और ईरान के बीच सैन्य गतिविधियों के चलते अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की आपूर्ति बाधित होने की आशंका गहरा गई है.
हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल 119 डॉलर प्रति बैरल के उच्च स्तर तक पहुंच गया था. फिलहाल ये 100 डॉलर के आसपास बना हुआ है. भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए लगभग 88 प्रतिशत कच्चे तेल का आयात करता है. इसका बड़ा हिस्सा तनावग्रस्त होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते आता है. यही कारण है कि वैश्विक बाजार में होने वाली किसी भी हलचल का सीधा असर घरेलू आपूर्ति और कीमतों पर पड़ता दिखाई दे रहा है.
नायरा एनर्जी के विपरीत, देश के लगभग 90 प्रतिशत रिटेल बाजार पर नियंत्रण रखने वाली सरकारी तेल कंपनियों—इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम—ने फिलहाल कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है. इन सार्वजनिक उपक्रमों ने अप्रैल 2022 से अपनी कीमतों को काफी हद तक स्थिर रखा है जिससे आम जनता को फिलहाल बड़ी राहत मिली हुई है.
इस बीच, सरकार ने देश में ईंधन की कमी की अफवाहों को पूरी तरह खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि भारत के पास पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है. सभी रिफाइनरियां अपनी उच्चतम क्षमता पर काम कर रही हैं और आपूर्ति श्रृंखला सुचारू रूप से संचालित हो रही है. प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे घबराहट में आकर अतिरिक्त खरीदारी न करें और केवल विश्वसनीय सूचनाओं पर ही भरोसा करें.
By IANS
मध्य पूर्व तनाव का असर: निजी ईंधन विक्रेता नायरा एनर्जी ने बढ़ाए पेट्रोल-डीजल के दाम, पेट्रोल 5 रुपए और डीजल 3 रुपए महंगा
