अनुच्छेद 370 पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर प्रधानमंत्री मोदी ने दी अपनी प्रतिक्रिया
फाइल फोटो | आईएएनएस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनुच्छेद 370 पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर प्रतिक्रिया दी है. पीएम मोदी ने कहा, “यह जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लोगों के लिए आशा, प्रगति और एकता की शानदार घोषणा है”.
मोदी ने शीर्ष अदालत के फैसले के बाद सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर एक पोस्ट में कहा, “अनुच्छेद 370 को निरस्त करने पर उच्चतम न्यायालय का आज का फैसला ऐतिहासिक है और संवैधानिक रूप से 5 अगस्त 2019 को भारत की संसद की ओर से लिए गए निर्णय को बरकरार रखने वाला है.”
उन्होंने आगे कहा, “कोर्ट ने एकता के सार को मजबूत किया है. यह जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हमारी बहनों और भाइयों के लिए आशा, प्रगति और एकता की एक शानदार घोषणा है. न्यायालय ने अपने गहन विवेक से एकता के उस सार को मजबूत किया है जिसे हम भारतीय होने के नाते सबसे ऊपर मानते हैं.”
उन्होंने कहा, “मैं जम्मू, कश्मीर और लद्दाख के लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि आपके सपनों को पूरा करने के लिए हमारी प्रतिबद्धता अटूट है. हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि प्रगति का फल न केवल आप तक बल्कि हमारे समाज के सबसे कमजोर तबके के लोगों तक पहुंचे.”
उन्होंने कहा, “आज का फैसला सिर्फ एक कानूनी फैसला नहीं है, यह आशा की किरण है, उज्ज्वल भविष्य का वादा है और एक मजबूत, अधिक एकजुट भारत के निर्माण के हमारे सामूहिक संकल्प का प्रमाण है.”
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
