प्रयागराज में बड़ा हादसा: शहर के बीचों-बीच तालाब में गिरा एयरक्राफ्ट, मचा हड़कंप, घटना का VIDEO आया सामने
वीडियो वायरल से लिया गया स्क्रीनग्रैब / (क्रेडिट : आईएएनएस)
प्रयागराज में बड़ा हादसा: शहर के बीचों-बीच तालाब में गिरा एयरक्राफ्ट, मचा हड़कंप, घटना का VIDEO आया सामने
प्रयागराज | भारतीय वायुसेना का एक माइक्रोलाइट विमान उड़ान के दौरान अचानक नियंत्रण खोकर शहर के बीचोंबीच स्थित केपी कॉलेज के पीछे बने तालाब में जा गिरा. यह एक प्रशिक्षण था. विमान के तालाब में गिरते ही जोरदार धमाके जैसी आवाज हुई. इससे आसपास के लोग दहशत में आ गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी.
जानकारी के मुताबिक, विमान ने शुरुआत में सामान्य तरीके से उड़ान भरी थी लेकिन कुछ ही क्षणों में इसका नियंत्रण बिगड़ गया और यह तेजी से नीचे आते हुए केपी कॉलेज के पीछे बने तालाब में जा गिरा. घटना के समय विमान में दो पायलट सवार थे. वहीं, जोरदार धमाके जैसी आवाज के कारण मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई. चार लोगों ने तुरंत तालाब में कूदकर पायलटों को विमान से बाहर निकाला.
डीसीपी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि एक एयर फोर्स का माइक्रोलाइट 2-सीटर एयरक्राफ्ट संगम से उड़ान भरने के बाद वापस लौट रहा था. अचानक विमान का नियंत्रण बिगड़ गया और वह केपी कॉलेज के पीछे बने तालाब में जा गिरा. विमान में दो पायलट सवार थे जो पूरी तरह सुरक्षित हैं. मौके पर कोई आम नागरिक चोटिल नहीं हुआ.
प्रयागराज में तालाब में एयरक्रॉफ्ट गिरा#Aircraft pic.twitter.com/SYMYdLnFAq
— shyam jee mishra (@PremprakshShyam) January 21, 2026
डीसीपी ने कहा कि जैसे ही सूचना मिली, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और सुरक्षा कड़ी कर दी. स्थानीय थाना पुलिस और अन्य रेस्क्यू टीमें भी मौके पर मौजूद थीं. हादसे के समय स्थानीय लोगों की तत्परता और साहस ने पायलटों की जान बचाई.
डीसीपी ने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है और वायुसेना भी हादसे की जांच कर रही है. यह विमान नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर था और यह घटना बेहद अचानक हुई.
एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि दोपहर करीब 12:15 बजे उन्हें जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी. उन्होंने देखा कि विमान तालाब में गिर गया है. आसपास के लोग तुरंत तालाब में कूदे और मिलकर दोनों पायलटों को सुरक्षित बाहर निकल लिया.
IANS/Hindi Post Dot In
