आतंकी हमले में जान गंवाने वाले संतोष जगदाले की पत्नी प्रगति ने भारत-पाकिस्तान मैच के बारे में कही बड़ी बात

Preeti Jagdale (1)

आतंकी हमले में जान गंवाने वाले संतोष जगदाले की पत्नी प्रगति (फोटो: आईएएनएस)

The Hindi Post

आतंकी हमले में जान गंवाने वाले संतोष जगदाले की पत्नी प्रगति ने भारत-पाकिस्तान मैच के बारे में कही बड़ी बात

 

पुणे | भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2025 में 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की. भले ही कप्तान सूर्यकुमार यादव ने यह जीत पहलगाम हमले के पीड़ितों को समर्पित की लेकिन इस आतंकी हमले में मारे गए संतोष जगदाले की पत्नी प्रगति जगदाले का मानना है कि टीम इंडिया को यह मैच ही नहीं खेलना था.

प्रगति जगदाले ने आईएएनएस से कहा, “सूर्यकुमार यादव से मैं यह कहना चाहूंगी कि इस जीत को पहलगाम हमले के पीड़ितों को समर्पित करने के बजाय टीम इंडिया को पाकिस्तान के खिलाफ ही नहीं खेलना चाहिए था. अगर भारत इस मुकाबले को नहीं खेलता तो हम ज्यादा गर्व महसूस करते. लेकिन टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ खेला जिससे हमारी भावनाओं को ठेस पहुंची है.”

उन्होंने कहा, “26 लोगों को पाकिस्तान के आतंकियों ने मारा है. इससे पहले भी जितने आतंकी हमले हुए उसमें पाकिस्तान के ही आतंकी थे. हमें पता है कि पाकिस्तान हमारा दुश्मन है. उनके साथ नहीं खेलना चाहिए.”

प्रगति जगदाले ने कहा, “टीम इंडिया ने जीत के साथ इस मुकाबले को पहलगाम हमले के पीड़ितों को समर्पित किया है लेकिन अगर उन्हें जीत न मिलती तो हमारे खिलाड़ियों को पछतावा होता. मैं चाहती हूं कि दबाव में भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तान के खिलाफ न खेलें.”

भारत ने रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम को 127/9 के स्कोर पर रोका. पाकिस्तान की ओर से साहिबजादा फरहान ने सर्वाधिक 40 रन बनाए जबकि शाहीन अफरीदी ने 33 रन का योगदान टीम के खाते में दिया.

भारत की ओर से कुलदीप यादव ने 3 विकेट झटके. उनके अलावा, जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट अपने नाम किए.

इसके जवाब में भारत ने महज 15.5 ओवरों में जीत दर्ज कर ली. कप्तान सूर्यकुमार यादव 37 गेंदों में 47 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि तिलक वर्मा ने 31 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. इस जीत के साथ भारत का ‘सुपर फोर’ में पहुंचना लगभग तय है.

IANS

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!