पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाने का आइडिया किसका था ?, जानकारी आई सामने

Suryakumar Yadav Gill Gautam Gambhir (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

मुंबई | एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मुकाबले में कुछ क्षण ऐसे देखने को मिले जब कप्तान सूर्यकुमार यादव और अन्य भारतीय खिलाड़ियों ने टॉस और फिर मैच खत्म होने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया. यह आइडिया टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर का था.

टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, ”भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने मैच से पहले, मैच के दौरान और मैच के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार करने की योजना बनाई थी. इसके साथ ही, गंभीर ने खिलाड़ियों को अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों के साथ किसी भी तरह की बहसबाजी से बचने को कहा था.”

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मुख्य कोच गंभीर ने खिलाड़ियों को सोशल मीडिया से दूर रहने और मीडिया में मैच के बारे में चल रही सभी चर्चाओं को नजरअंदाज करने की भी सलाह दी थी.

इस साल अप्रैल में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान जाने के बाद सोशल मीडिया पर इस मैच का बहिष्कार करने की बाढ़ आ गई थी.

टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कुछ आलोचकों ने तो खिलाड़ियों को पाकिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरने के लिए ‘देशद्रोही’ तक कह दिया.

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि गंभीर ने टीम को मैच के दौरान और बाद में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को नजरअंदाज करने के लिए कहा था.

रिपोर्ट के अनुसार, गंभीर ने टीम से कहा था, ”सोशल मीडिया पर कम समय बिताएं, शोर-शराबा पढ़ना बंद करें. आपका काम भारत के लिए खेलना है. पहलगाम में जो हुआ, उसे मत भूलना. हाथ मत मिलाओ, उलझो मत. बस मैदान पर जाओ, अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करो और भारत के लिए जीतो.”

खिलाड़ियों ने गौतम गंभीर के सुझाव का पालन किया और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस से पहले और बाद में पाकिस्तानी टीम के कप्तान सलमान आगा से हाथ नहीं मिलाया. इस जीत को पहलगाम हमले के बाद भारतीय सशस्त्र बलों के योगदान को समर्पित किया गया.

रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा और मुख्य कोच माइक हेसन बाद में भारतीय ड्रेसिंग रूम में पहुंचे लेकिन कोई भी खिलाड़ी उनका अभिवादन करने के लिए आगे नहीं आया.

IANS

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!