महिला एडवोकेट की हत्या मामले में हुए कई खुलासे, पुलिस ने केस खोला

Police opens murder case of woman advocate Noida (1) (1)
The Hindi Post

नोएडा | नोएडा में हुई महिला वकील रेनू सिन्हा की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके पति नितिन नाथ को गिरफ्तार किया है. पति पर पत्नी की हत्या करने का आरोप है. वह पत्नी की हत्या करने के बाद घर के स्टोर रूम में छुप गया था.

पुलिस के मुताबिक, पति ने अपनी पत्नी की हत्या प्रॉपर्टी को बेचने को लेकर की थी. पति ने प्रॉपर्टी के लिए 55 लाख रुपए एडवांस ले लिए थे और प्रॉपर्टी की कीमत 4.50 करोड़ रुपए लगाई थी. पत्नी प्रॉपर्टी बेचने के खिलाफ थी. इसको लेकर आए दिन पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ करता था.

पति इंडियन इनफॉर्मेशन सर्विसेज में दिल्ली में पोस्टेड थे. उनका 1988 बैच में चयन हुआ था. उन्होंने 10 साल बाद 1998 में वीआरएस लेकर जॉब छोड़ दी थी. दोनों का एक बेटा है जो अमेरिका में रहता है और वही नौकरी करता है.

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 10 सितंबर को महिला वकील रेनू सिन्हा के भाई अजय कुमार ने पुलिस को सूचना दी थी कि नोएडा के सेक्टर-20 थाना इलाके के सेक्टर 30 में बनी डी40 कोठी में रहने वाली उनकी बहन फोन नहीं उठा रही हैं और मकान में ताला लगा है.

इसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और ताला तुड़वाया गया. अंदर जाकर पुलिस ने देखा तो महिला की लाश बाथरूम के फर्श पर पड़ी थी. जिसके बाद पुलिस ने फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम बुलाकर घटनास्थल का मुआयना किया. मकान में लगे सीसीटीवी के हार्ड डिस्क को अपने कब्जे में ले लिया.

पुलिस ने जब आसपास के लोगों और महिला के भाई से पूछताछ की तो उन्हें पता चला कि रेनू और उनके पति नितिन नाथ सिंह के बीच काफी अनबन रहती थी. उनमें आपस में नहीं बनती थी. उनका एक बेटा भी है, जो अमेरिका में रहता है और साल में एक बार माता-पिता से मिलने आता है.

पुलिस ने जब पति के फोन से उनकी आखिरी लोकेशन निकाली तो पता चला कि वह घर की है (घर की लोकेशन निकली). इसके बाद एक बार फिर पुलिस ने घर के अंदर ही पति की तलाश शुरू कर दी. पुलिस ने रात 3:00 बजे मकान के फर्स्ट फ्लोर पर बने स्टोर रूम का दरवाजा तोड़कर नितिन नाथ सिंह को गिरफ्तार कर लिया.

नितिन से जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो पुलिस को पता चला कि दोनों पति-पत्नी के बीच काफी दिनों से मनमुटाव चल रहा था. नितिन इस कोठी को बेचना चाहता था और पत्नी मना कर रही थी. नितिन ने घर के लिए एक ब्रोकर से 55 लाख रुपए भी ले लिए थे घर की कीमत 4.50 करोड रुपए लगाई गई थी.

नितिन ने बताया कि 10 सितंबर की सुबह उनका अपनी पत्नी के साथ झगड़ा हुआ था. सुबह 8 बजे के करीब उन्होंने पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद दिन में ब्रोकर जब घर आया तो उसको घर दिखाया. इसके बाद अपना पासपोर्ट लेकर फर्स्ट फ्लोर पर बने स्टोर रूम में छिप गया. इस दौरान जिसका भी कॉल आता था, उसे बताता था कि वह दिल्ली में लोधी रोड पर है.

नितिन का कहना है कि अगर वह पकड़ा नहीं जाता तो वह बाहर भाग जाता और फिर बाद में कभी कोर्ट में अपने वकील के माध्यम से हाजिर होता.

फिलहाल पुलिस ने इस मामले को गहनता से सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!