एयर इंडिया की अहमदाबाद-लंदन फ्लाइट हुई क्रैश, 242 यात्री थे सवार
एयर इंडिया का विमान क्रैश होने के बाद उठता धुआं (फाइल फोटो | आईएएनएस)
अहमदाबाद | गुजरात के अहमदाबाद से बड़ी जानकारी सामने आ रही है. यहां एयर इंडिया का एक विमान क्रैश हो गया है. बताया जा रहा है कि विमान में कई यात्री सवार थे.
दरअसल, 200 से ज्यादा यात्रियों को लेकर लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया. यह दुर्घटना अहमदाबाद के मेघानीनगर इलाके के पास हुई है. विमान टेक-ऑफ के दौरान क्रैश हुआ है. प्लेन के क्रैश होने के तुरंत बाद घटनास्थल से आसमान में काला धुंआ उठता हुआ देखा गया है. इससे भारी नुकसान का अनुमान है.
एयर इंडिया की यह बोइंग 737 पैसेंजर फ्लाइट थी. यह फ्लाइट अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन के लिए रवाना हो रही थी. अभी तक की जानकारी के मुताबिक, इस यात्री विमान में क्रू मेंबर समेत 200 से ज्यादा यात्री सवार थे. प्लेन क्रैश होने के बाद फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची है. राहत और बचाव का काम किया जा रहा है. हालांकि इस हादसे में कितना जानमाल का नुकसान हुआ है, इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
Gujarat: An Air India aircraft crashes near Ahmedabad airport with several passengers on board. Further details awaited https://t.co/4egTNjnYsd pic.twitter.com/vVwTEPvDNs
— IANS (@ians_india) June 12, 2025
यह हादसा अहमदाबाद हॉर्स कैंप के पास हुआ है. यह क्षेत्र सिविल हॉस्पिटल के पास है. स्टेट पुलिस कंट्रोल रूम ने हादसे की पुष्टि की है. अधिकारियों ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने का आग्रह किया है.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटनास्थल से भारी धुआं उठ रहा है जिसे वस्त्रपुर के कुछ हिस्सों सहित कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता है.
इस हादसे को लेकर एयर इंडिया की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी दी गई है. उन्होंने लिखा, “फ्लाइट एआई171 अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रही थी पर वह दुर्घटना का शिकार हो गई है. हम सभी जरुरी जानकारी जुटा रहे है. हम और अधिक जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ और एअर इंडिया की वेबसाइट पर साझा करेंगे.”
इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से अहमदाबाद विमान हादसे के बारे में जानकारी ली है. साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार की तरफ से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है.
