अहमदाबाद विमान हादसा : कौन कर रहा था एयर इंडिया की फ्लाइट का संचालन ..? जानकारी आई सामने
नई दिल्ली | अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट – एआई171 में कम से कम 169 भारतीय और 53 ब्रिटिश नागरिक यात्रा कर रहे थे. उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद यह विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. एक एयरलाइन अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी.
अहमदाबाद से दोपहर 1.38 बजे रवाना हुई इस फ्लाइट में 230 यात्री और चालक दल के 12 सदस्य सवार थे. विमान में सात पुर्तगाली नागरिक भी थे. फ्लाइट का संचालन – कैप्टन सुमीत सभरवाल और फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर कर रहे थे.
कैप्टन सभरवाल एयर इंडिया से लंबे समय से जुड़े हुए है. उनके पास 8,200 से अधिक उड़ान घंटे का अनुभव है. उनके साथ विमान में फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर भी थे. उन्हें 1,100 घंटे उड़ान का अनुभव था.
वही एयर इंडिया ने एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. इस नंबर के माध्यम से दुर्घटना संबंधित जानकारी साझा की जा सकती है, यह नंबर है 1800 5691 444.
डीजीसीए के एक बयान के अनुसार, एयर इंडिया का विमान हवाई अड्डे की सीमा के बाहर दुर्घटनाग्रस्त हुआ है. डीजीसीए के अधिकारी फ्लाइट डाटा, वॉइस रिकॉर्डिंग और गवाहों के बयान रिकॉर्ड करने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे हैं.
