सोशल मीडिया पर अपलोड हुए चाइल्ड पोर्नोग्राफी के 26 वीडियो, पुलिस…..
सोशल मीडिया पर अपलोड हुए चाइल्ड पोर्नोग्राफी के 26 वीडियो, पुलिस…..
पीलीभीत जिले में बाल अश्लीलता का मामला सामने आया है. इंस्टाग्राम आईडी से 26 अश्लील वीडियो अपलोड किए गए. जांच में इंस्टाग्राम आईडी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर सेहरामऊ उत्तरी थाना के गांव महुवागुंदे में रहने वाले युवक का निकला. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है.
थाने के दरोगा की ओर से दर्ज प्राथमिकी में कहा गया कि साइबर क्राइम मुख्यालय लखनऊ के पत्र से साइबर पुलिस पोर्टल के माध्यम से साइबर टिपलाइन रिपोर्ट के डाटा की सॉफ्ट कापी मिलने पर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी गई. इसमें कहा गया कि गांव महुआ गुंदे के रितिक शुक्ला ने 28 अगस्त को वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड किया. जांच में आरोपी के मोबाइल से अश्लील वीडियो अपलोड करना पाया गया.
इंस्टाग्राम यूजर आरोपी का कृत्य 296 बीएनएस और 67 बी आईटी एक्ट के तहत पाया गया. इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि आरोपी को थाने बुलाकर जानकारी ली. उसने इंस्टाग्राम से अश्लील वीडियो अपलोड करने से इन्कार कर दिया. उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जानकारी साइबर सेल को दी गई है, ताकि आरोपी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के अनुसार कार्रवाई हो.
इधर दो दिन पूर्व न्यूरिया थाने में भी इसी तरह के मामले में उपनिरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह ने प्राथमिकी दर्ज की थी. इसमें कहा था कि साइबर पुलिस पोर्टल के माध्यम से 29 अक्तूबर को एक शिकायत प्राप्त हुई थी. इस शिकायत में एक इंस्टाग्राम आईडी से बाल अश्लीलता से संबंधित वीडियो पोस्ट करने की जानकारी दी गई थी. जांच में यह तथ्य सामने आया कि धर्मपाल नाम की इंस्टाग्राम आईडी से 26 अक्तूबर 2025 को वीडियो पोस्ट किए गए थे, जो साइबर कानूनों का गंभीर उल्लंघन है.
एसपी अभिषेक यादव ने बताया कि संबंधित मामले की गहनता से जांच कराई जा रही है. पोर्टल के माध्यम से अन्य जानकारी जुटाकर जांच को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं.
