पिटबुल का खौफनाक हमला: बुआ की गोद से 6 माह के मासूम को छीना, जबड़े में दबाकर घसीटा; CCTV में कैद हुई घटना
पिटबुल का खौफनाक हमला: बुआ की गोद से 6 माह के मासूम को छीना, जबड़े में दबाकर घसीटा; CCTV में कैद हुई घटना
हरियाणा के सोनीपत में एक पालतू पिटबुल ने छह महीने के मासूम पर जानलेवा हमला कर दिया. घटना के समय बच्चा अपनी बुआ की गोद में था तभी अचानक छूटे पिटबुल ने उन पर झपट्टा मार दिया. हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बुआ संतुलन खोकर गिर पड़ीं और कुत्ता बच्चे को जबड़े में दबाकर सड़क पर घसीटने लगा. यह रोंगटे खड़े कर देने वाला वाकया पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया.
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और भारी मशक्कत के बाद बच्चे को पिटबुल के जबड़े से छुड़ाया. बच्चे को बचाने के प्रयास में उसकी बुआ भी घायल हो गईं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मासूम के चेहरे, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं. प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे रोहतक स्थित पीजीआईएमएस (PGIMS) रेफर कर दिया गया जहां उसका इलाज जारी है और हालत गंभीर बनी हुई है.
इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी रोष और दहशत का माहौल है. रिहायशी इलाकों में खूंखार नस्ल के कुत्तों को पालने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. हालांकि, बच्चे के परिजन फिलहाल पूरी तरह उसके इलाज में जुटे हैं, जिस वजह से अब तक पुलिस में कोई औपचारिक लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. मीडिया रिपोर्ट्स में यह जानकारी दी गई है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
