पाकिस्तान में भारतीय सेना का ‘खौफ’ : पीओके में 1000 से अधिक मदरसे बंद

pakistan madarse
The Hindi Post

इस्लामाबाद | पहलगाम में आंतकी हमला होने के बाद से भआरत और पाकिस्तान के बीच तनाव बहुत बढ़ गया है. इस तनाव का असर पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) में भी देखने को मिल रहा है. पीओके में 1000 से ज्यादा मदरसे कम से कम 10 दिनों के लिए बंद कर दिए गए हैं. इस बात की घोषणा शुक्रवार को स्थानीय अधिकारियों ने की.

विश्वसनीय सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि भारत की तरफ से हमले के डर की वजह से पीओके में स्थित मदरसों को बंद कर दिया गया. भारत यह दावा करता रहा है कि इन संस्थानों का इस्तेमाल आतंकवादियों के छिपने के ठिकाने के रूप में किया जा रहा है.

स्थानीय लोगों का मानना है कि भारत पाकिस्तान के साथ पूरी तरह से युद्ध शुरू नहीं करेगा लेकिन नियंत्रण रेखा (एलओसी) के साथ पीओके क्षेत्रों में कुछ हमले जरूर करेगा.

बता दें कि 29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना के कमांडो की टीमों ने पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्र में प्रवेश कर आतंकी ठिकानों में छिपे बैठे आतंकवादियों को खत्म किया था. यह कार्रवाई 18 सितंबर 2016 को जम्मू और कश्मीर के उरी में एक भारतीय सेना की चौकी पर हमला करने के दस दिन बाद हुई थी. हमले में 19 सैनिकों की मौत हो गई थी.

एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, “सरकार के निर्देशानुसार 1000 से अधिक मदरसे बंद कर दिए गए हैं. उन्हें कम से कम 10 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है और छात्रों के लिए छुट्टियों की घोषणा कर दी गई है.”

इससे पहले पाकिस्तान ने बुधवार को गिलगित और स्कार्दू के लिए सभी घरेलू उड़ानें रद्द करने की घोषणा की गई. विदेशी उड़ानों की भी कड़ी निगरानी शुरू कर दी गई है. जानकारी के अनुसार पाकिस्तान नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (सीएए) को सभी आने वाले विदेशी विमानों की जांच करने का निर्देश दिया गया.

बता दें आतंकियों ने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर में एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल – पहलगाम स्थित बैसरन घाटी में लोगों (ज्यादातर पर्यटक) पर अंधाधुंध गोलियां चला दी थीं. हमले में 26 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए. प्रतिबंधित आतंकवादी समूह ‘लश्कर-ए-तैयबा’ से जुड़े ‘टीआरएफ’ ने इस हमले की जिम्मेदारी ली. इस हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई कड़े कदम ठाए हैं जिससे पाकिस्तान बिलबिलाया हुआ है.

IANS


The Hindi Post
error: Content is protected !!