बांग्लादेशी पीएम के करीबी का विवादित बयान, कहा- “अगर भारत पाकिस्तान पर हमला करता है तो बांग्लादेश को… “
बांग्लादेश में इस समय है मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार (फाइल फोटो | आईएएनएस)
पहलगाम आतंकी हमले के बाद एक तरफ जहां भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है. वहीं दूसरी ओर अब बांग्लादेश के एक पूर्व सैन्य अधिकारी और अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस के करीबी फजलुर रहमान ने भारत के पूर्वोत्तर राज्यों को लेकर एक विवादित टिप्पणी की है. उन्होंने कहा कि अगर भारत पाकिस्तान पर हमला करता है, तो बांग्लादेश को चीन के साथ मिलकर भारत के पूर्वोत्तर राज्यों पर कब्जा कर लेना चाहिए. बता दें कि यह बयान उन्होंने फेसबुक पोस्ट के जरिए दिया, जिसमें उन्होंने लिखा कि अगर भारत पाकिस्तान पर हमला करता है, तो बांग्लादेश को भारत के सात पूर्वोत्तर राज्यों पर कब्जा कर लेना चाहिए. इस पर चीन के साथ सैन्य समझौते की बात शुरू करनी चाहिए.
पूर्व सैन्य अधिकारी के इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया के बाद बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने तुरंत इससे खुद को अलग कर लिया. बांग्लादेश की विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह टिप्पणी सरकार की नीतियों को नहीं दर्शाती और ना ही सरकार इस तरह की सोच का समर्थन करती है. इसके साथ ही सरकार ने सभी से अनुरोध किया कि इस तरह की व्यक्तिगत राय को बांग्लादेश की आधिकारिक नीति से न जोड़ा जाए. बयान में यह भी कहा गया कि बांग्लादेश शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के सिद्धांतों को पूरी तरह मानता है.
