IT विभाग की छापेमारी, नकद मिले 100 करोड़ से भी अधिक… जानिए क्या है इसका कांग्रेस सांसद से कनेक्शन
Photo: Social Media
झारखंड से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू के करीबी रिश्तेदारों के परिसरों पर दो दिनों से आयकर विभाग द्वारा की जा रही छापेमारी में कथित तौर पर 100 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद की गई है.
आयकर विभाग के सूत्रों के मुताबिक, सबसे ज्यादा नकदी ओडिशा में बौध डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड (बीडीपीएल) के परिसर से बरामद की गई है. नोट गिनने के लिए कई मशीनें लगाई गई हैं.
आयकर विभाग ने रांची, लोहरदगा और ओडिशा में साहू के आधा दर्जन ठिकानों पर भी एक साथ छापेमारी की है. इसके अलावा पश्चिम बंगाल में भी कुछ जगहों पर छापेमारी चल रही है. छापेमारी में आय-व्यय से जुड़े दस्तावेजों के अलावा और क्या मिला है, यह अभी स्पष्ट नहीं है.
धीरज साहू के रिश्तेदारों के नाम पर ओडिशा में कई कंपनियां हैं. इनमें बलदेव साहू इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड (फ्लाई ऐश ब्रिक्स), क्वालिटी बॉटलर्स प्राइवेट लिमिटेड और किशोर प्रसाद बिजय प्रसाद बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं.
विदेशी शराब की बॉटलिंग क्वालिटी बॉटलर्स प्राइवेट लिमिटेड में की जाती है और इसका विपणन (मार्केटिंग) किशोर प्रसाद बिजय प्रसाद बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जाता है. इनमें से कुछ कंपनियों में धीरज प्रसाद साहू भी निदेशक हैं. इनकम टैक्स की यह छापेमारी शराब कारोबार में टैक्स चोरी से जुड़ी है.
धीरज साहू झारखंड के एक प्रमुख व्यापारिक और राजनीतिक परिवार से आते हैं. वह कांग्रेस से दो बार राज्यसभा के लिए चुने गए हैं.
By IANS
