सपा गठबंधन को बड़ा झटका देने की तैयारी में भाजपा, ओम प्रकाश राजभर ने की अमित शाह से मुलाकात

Om Prakash Rajbhar (2) (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

नई दिल्ली | उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी गठबंधन को हराने वाली भाजपा अखिलेश यादव को एक और बड़ा राजनीतिक झटका देने की तैयारी कर रही है। विधानसभा चुनाव में हर मंच से लगातार अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बंनाने का दावा करने वाले ओम प्रकाश राजभर एक बार फिर से योगी सरकार में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर सपा का साथ छोड़कर एक बार फिर से भाजपा का दामन थाम सकते हैं। राजभर ने शुक्रवार को गृह मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से नई दिल्ली में मुलाकात की। बताया जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान उत्तर प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान भी मौजूद रहे। हालांकि इस मुलाकात को लेकर फिलहाल दोनों पक्षों ने चुप्पी साध रखी है लेकिन बताया जा रहा है कि इस बैठक में राजभर के फिर से एनडीए गठबंधन में आने को लेकर चर्चा हुई।

विज्ञापन
विज्ञापन

हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में, राजभर ने अखिलेश यादव के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था और 6 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। सूत्रों की माने तो भाजपा के साथ आने पर ओम प्रकाश राजभर को एक बार फिर से योगी सरकार में मंत्री के तौर पर शामिल किया जा सकता है।

आपको बता दें कि, 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान ओम प्रकाश राजभर की पार्टी सुभासपा भाजपा के साथ मिलकर लड़ी थी। एनडीए के सत्ता में आने के बाद राजभर को योगी सरकार में मंत्री के तौर पर भी शामिल किया गया था लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान दोनों दलों के बीच खटास पैदा हो गई। इसी वजह से चुनाव खत्म होते ही योगी आदित्यनाथ ने राजभर को अपने मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया था।

उसके बाद से ही राजभर ने प्रदेश में भाजपा को हराने का अभियान छेड़ दिया था और 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले वो अखिलेश यादव के गठबंधन में शामिल हो गए थे लेकिन नतीजा उनके पक्ष में नहीं आया। गठबंधन साथियों के साथ मिलकर 273 विधायकों के प्रचंड बहुमत के साथ योगी आदित्यनाथ दोबारा से मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। उससे पहले ही विरोधी सपा गठबंधन में टूट-फूट का दौर शुरू हो गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

आईएएनएस

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!