19 साल बाद जेल से रिहा होगा सीरियल किलर चार्ल्स शोभराज, ‘बिकनी किलर’ के नाम से था मशहूर

Charles Shobhraj (1) (1) (1)

चार्ल्स शोभराज (फाइल फोटो | आईएएनएस)

The Hindi Post

काठमांडू | नेपाल के सर्वोच्च न्यायालय ने बुधवार को सीरियल किलर चार्ल्स शोभराज को रिहा करने का आदेश दिया. चार्ल्स को ‘बिकनी किलर’ के नाम से भी जाना जाता है.

शोभराज द्वारा दायर बंदी प्रत्यक्षीकरण (हैबियस कॉरपस) याचिका पर सुनवाई करते हुए, जस्टिस सपना प्रधान मल्ला और तिल प्रसाद श्रेष्ठ की संयुक्त पीठ ने उसकी रिहाई का आदेश दिया. उन्होंने कहा कि 15 दिनों के भीतर फ्रांसीसी नागरिक (चार्ल्स शोभराज) को उसके देश वापस भेजने की व्यवस्था की जाए.

नेपाल में 1975 में लैडी डुपार (कनाडा की नागरिक) और एनाबेला ट्रेमोंट नामक अमेरिकी महिलाओं की हत्या हो गई थी. यह हत्याएँ होने के बाद शोभराज नेपाल से फरार हो गया था. शोभराज की लैडी डुपार और एनाबेला ट्रेमोंट से काठमांडू में दोस्ती हुई थी.

पुलिस ने शोभराज को सितंबर 2003 में एक स्टार होटल से गिरफ्तार किया था. तब से वो नेपाल की जेल में बंद है. 1996 में, चार्ल्स दिल्ली की एक जेल से भाग निकला था. उस पर थाईलैंड में 6 विदेशी महिलाओं के मर्डर का आरोप था. उनका मर्डर पट्टाया (थाईलैंड) में एक बीच पर हुआ था. सभी मृत महिलाओं ने उस समय बिकनी पहनी हुई थी.

शोभराज को बाद में गोवा से दोबारा गिरफ्तार किया गया था. भारतीय जेल से छूटने के बाद वह फ्रांस में रहने लगा था.

शोभराज ने अपनी याचिका में तर्क दिया कि वह पहले ही 19 साल जेल में काट चुका है और अब वह 78 साल का है. उसने अदालत से कहा उसे रिहा किया जाना चाहिए. काठमांडू और भक्तपुर जिला अदालतों ने उसे 1975 में अमेरिकी और कनाडाई नागरिकों की हत्याओं के लिए दोषी पाया था.

2010 में, सुप्रीम कोर्ट ने काठमांडू जिला अदालत द्वारा उसे सुनाई गई आजीवन कारावास की सजा का समर्थन किया था. भक्तपुर जिला अदालत ने उसे 2014 में कनाडाई नागरिक की हत्या के दोष में सजा सुनाई थी. शोभराज ने सुप्रीम कोर्ट में बार-बार रिट याचिका दायर की, जिसमें उसने मांग की कि 70 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को जेल से रिहा करने की छूट दी जाए. फिर भी, अदालत ने उसकी अब तक की सभी रिट याचिकाओं को खारिज कर दिया था. उसकी हार्ट सर्जरी भी हो चुकी है.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क/आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!