बड़ा हादसा: हवा में टकराए दो हेलीकॉप्टर, उड़े परखच्चे, वीडियो आया सामने

two helicopters collide in nepal 2 (1)
The Hindi Post

बड़ा हादसा: हवा में टकराए दो हेलीकॉप्टर, उड़े परखच्चे, वीडियो आया सामने

 

नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र में मंगलवार सुबह लैंडिंग के दौरान दो हेलिकॉप्टर आपस में टकरा गए। हादसे में एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई, जबकि न्यूजीलैंड का एक भारतीय मूल का नागरिक घायल हो गया। दोनों हेलिकॉप्टर के पायलट भी जख्मी हुए हैं।

हादसा सुबह 8 बजकर 11 मिनट पर सोलुखुम्बु जिले के फेरीचे हेलीपैड पर हुआ। यहां फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी के हेलिकॉप्टर उतरने की कोशिश कर रहे थे, तभी दोनों आपस में टकरा गए।

नेपाली अधिकारियों के मुताबिक एक हेलिकॉप्टर लुकला से आ रहा था, जबकि दूसरा एवरेस्ट बेस कैंप के पास गोरक्षेप की तरफ से लौट रहा था। दोनों अलग-अलग दिशाओं से एक ही जगह उतरने की कोशिश कर रहे थे।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हेलीपैड पर बर्फ जमी होने के कारण भी यह स्थिति बनी हो सकती है। हालांकि, हादसे की असली वजह की पुष्टि नहीं हुई है।

सोलुखुम्बु जिला पुलिस कार्यालय के पुलिस इंस्पेक्टर मौसम तामांग के मुताबिक, फिशटेल एयर के हेलिकॉप्टर में सवार भारतीय पर्यटक वसंत कुमार बालारामारामाडु की मौत हो गई। इसी हेलिकॉप्टर में सवार न्यूजीलैंड के नागरिक शैलेश कृष्ण पटेल घायल हुए हैं। वह भारतीय मूल के हैं।

घायल शैलेश को प्रभु हेलिकॉप्टर की मदद से रेस्क्यू कर काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों हेलिकॉप्टर के पायलटों को भी इलाज के लिए काठमांडू ले जाया गया है। वहीं, मृतक भारतीय पर्यटक का शव लुकला स्थित अस्पताल पहुंचाया गया।

यह हादसा खुम्बु पासांग ल्हामु ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर 4 में हुआ। फेरीचे एवरेस्ट क्षेत्र में स्थित है और यहां आने-जाने के लिए हेलिकॉप्टर सेवाओं का इस्तेमाल किया जाता है। हादसे के समय दोनों हेलिकॉप्टर में कुल कितने यात्री सवार थे और उनकी टक्कर किस वजह से हुई, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!