“बाबा सिद्दीकी के बाद लॉरेंस बिश्नोई का अगला निशाना राहुल गांधी होने चाहिए..”, अभिनेता ने सोशल मीडिया पर लिखा यह पोस्ट, FIR दर्ज
लॉरेंस बिश्नोई (फाइल फोटो)
12 अक्टूबर को एनसीपी (अजित गुट) नेता बाबा सिद्दीकी की मुंबई में हत्या कर दी गई थी. इस सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे देश के ध्यान खींचा है. दरअसल, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली है. इस कारण यह हत्याकांड चर्चा का विषय बना हुआ है. साथ ही बाबा सिद्दीकी राजनीति का बड़ा नाम थे. उनकी फिल्म इंडस्ट्री में भी अच्छी पहचान थी.
इस सब के बीच ओड़िया एक्टर बुद्धादित्य मोहंती ने सोशल मीडिया पर एक ऐसा पोस्ट लिखा कि बवाल मच गया.
ओडिशा एनएसयूआई (कांग्रेस का छात्र संगठन) के अध्यक्ष उदित प्रधान ने शुक्रवार को कैपिटल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई और इस पोस्ट के लिए मोहंती के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. बता दे कि मोहंती ने अपनी पोस्ट को डिलीट कर दिया है. साथ ही अपनी उस पोस्ट के लिए माफी भी मांगी है.

प्रधान ने कहा, “अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में मोहंती ने कहा कि एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का अगला निशाना कांग्रेस सांसद राहुल गांधी होने चाहिए. हम अपने नेता के खिलाफ ऐसी टिप्पणी बर्दाश्त नहीं कर सकते.”
प्रधान ने पुलिस को सोशल मीडिया पोस्ट का स्क्रीनशॉट भी सौंपा. पुलिस ने कहा कि उन्हें शिकायत मिल गई है और वे मामले की जांच कर रहे हैं.
वहीं मोहंती ने अपनी पिछली पोस्ट के लिए माफी मांगते हुए शुक्रवार को फेसबुक पर लिखा कि राहुल गांधी जी के बारे में मेरी आखिरी पोस्ट, उन्हें किसी भी तरह से निशाना बनाने, नुकसान पहुंचाने, उनका अपमान करने या उनके खिलाफ कुछ भी लिखने के लिए नहीं थी. अगर मैंने अनजाने में किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है तो मेरा इरादा यह नहीं था, मैं पूरी ईमानदारी से माफी मांगता हूं.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
