पति को मारकर नीले ड्रम में छिपाने की आरोपी मुस्कान ने दिया बेटी को जन्म, इतने महीनों से है जेल में बंद
पति को मारकर नीले ड्रम में छिपाने की आरोपी मुस्कान ने दिया बेटी को जन्म, इतने महीनों से है जेल में बंद
चर्चित नीले ड्रम हत्याकांड में आरोपी मुस्कान ने जेल में शुरू हुई प्रसव पीड़ा के बाद सोमवार शाम मेरठ मेडिकल कॉलेज में बेटी को जन्म दिया. मेरठ जिला जेल में बंद मुस्कान को अचानक दर्द बढ़ने पर मेडिकल कॉलेज के जच्चा-बच्चा वार्ड में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों की निगरानी में डिलीवरी हुई. मीडिया रिपोर्ट्स में चिकित्सकों के हवाले से कहा गया कि जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ है.
मुस्कान को 19 मार्च 2025 को उसके पति सौरभ राजपूत की हत्या और शव को नीले ड्रम में ठिकाने लगाने के आरोप में जेल भेजा गया था. गिरफ्तारी के दौरान वह गर्भवती थी. जेल में हुई मेडिकल जांच और अल्ट्रासाउंड में इसकी पुष्टि के बाद प्रशासन उसकी विशेष देखभाल कर रहा था.
मीडिया रिपोर्ट्स में जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा के हवाले से कहा गया है कि सोमवार सुबह प्रसव पीड़ा की जानकारी मिलते ही मुस्कान को तुरंत मेडिकल कॉलेज भेजा गया. वहां महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. शकुन की टीम ने उसके स्वास्थ्य की निगरानी की और शाम को सुरक्षित प्रसव कराया. सुरक्षा कारणों से प्रसूति वार्ड में जेल कर्मचारियों की तैनाती की गई और किसी को भी मुस्कान से मिलने नहीं दिया गया.
सबसे मार्मिक बात यह रही कि मुस्कान ने बेटी को ठीक उसी दिन जन्म दिया, जिस दिन उसके पति सौरभ का जन्मदिन था — 24 नवंबर. यह संयोग परिवार के बीच चर्चा का विषय बन गया है. हालांकि, मुस्कान के मायके और ससुराल पक्ष से कोई भी अस्पताल नहीं पहुंचा. मुस्कान की पहली बेटी पीहू पहले से ही नाना-नानी के पास रह रही है.
मीडिया रिपोर्ट्स में जेल प्रशासन के हवाले से लिखा गया है कि नवजात पर कानूनी रूप से मुस्कान का ही अधिकार रहेगा. यदि कोई परिजन बच्चे का दावा करता है तो डीएनए परीक्षण कराया जाएगा.
गौरतलब है कि 3 मार्च की रात मुस्कान ने अपने कथित प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ कथित तौर पर मिलकर लंदन में कार्यरत पति सौरभ की हत्या कर दी थी और शव को टुकड़ों में काटकर नीले ड्रम में सीमेंट से सील कर दिया था. इस मामले ने देशभर में सनसनी मचा दी थी.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
