खौफनाक ! घर के बाहर खेल रहे बच्चे पर पिटबुल कुत्ते ने किया हमला, कान काटकर किया अलग

pitbull attacks child in Delhi (1)
The Hindi Post

खौफनाक ! घर के बाहर खेल रहे बच्चे पर पिटबुल कुत्ते ने किया हमला, कान काटकर किया अलग

 

दिल्ली के प्रेम नगर में रविवार को एक पिटबुल डॉग ने 6 साल के मासूम बच्चे पर जानलेवा हमला कर दिया. हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कुत्ते ने बच्चे का दाहिना कान काटकर अलग कर दिया. घायल बच्चे को पहले रोहिणी के BSA अस्पताल और बाद में सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया जहां उसका इलाज जारी है.

पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब 5:38 बजे PCR कॉल आई जिसमें बताया गया कि एक बच्चे को पिटबुल ने गंभीर रूप से घायल कर दिया है. बच्चे पर पिटबुल ने तब हमला किया जब वह अपने घर के बाहर खेल रहा था. यह कुत्ता पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति के यहां पला हुआ है. स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से बच्चे को कुत्ते से छुड़ाया गया और उसे अस्पताल ले जाया गया. यह पूरी घटना CCTV में कैद हुई है और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

वीडियो में नजर आ रहा है कि पिटबुल बच्चे की ओर दौड़ता है. एक महिला उसे रोकने की कोशिश करती है लेकिन रोक नहीं पाती. बच्चा भागता है लेकिन पिटबुल उसे गिरा देता है और बुरी तरह से काटता है. बच्चे को गंभीर चोटें आई है. यह खौफनाक वीडियो किसी को भी डरा देगा.

कुत्ते के मालिक की पहचान 50 वर्षीय राजेश पाल के रूप में हुई है जो पेशे से दर्जी है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. जांच से पता चला है कि राजेश का बेटा सचिन इस पिटबुल को करीब डेढ़ साल पहले घर लाया था.

वही पुलिस बच्चे के पिता दिनेश का बयान दर्ज कर चुकी है और आगे की कार्यवाही कर रही है.

 

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क


The Hindi Post
error: Content is protected !!