दो नावें समुद्र में समाई, 500 से ज्यादा लोगों के डूबने की आशंका
सांकेतिक तस्वीर (IANS)
दो नावें समुद्र में समाई, 500 से ज्यादा लोगों के डूबने की आशंका
म्यांमार के अल्पसंख्यक रोहिंग्या समुदाय के लोगों को ले जा रही दो नावों के बंगाल की खाड़ी में डूबने की दुखद खबर सामने आई है. इस घटना में कम से कम 500 लोगों के मारे जाने की आशंका है.
‘इंटरनेशनल ऑर्गनाइजेशन फॉर माइग्रेशन’ (IOM) और संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी उच्चायुक्त (UNHCR) द्वारा जारी एक संयुक्त बयान के अनुसार, इन दोनों नावों ने जून के उत्तरार्ध (आखरी दिनों) में म्यांमार के रखाइन प्रांत से प्रस्थान किया था. इनमें सवार अधिकांश यात्री रोहिंग्या समुदाय के थे.
मौसम की मार और भीषण हादसा
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, लगभग 250 लोगों को ले जा रही पहली नाव का प्रस्थान के कुछ ही समय बाद संपर्क टूट गया था. वहीं, 280 यात्रियों से भरी दूसरी नाव के 8 जुलाई को म्यांमार के इरावदी (Ayeyarwady) तट के पास डूबने की खबर है. दोनों वैश्विक एजेंसियों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा, “हालांकि इन घटनाओं और हताहतों की संख्या की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है लेकिन UNHCR और IOM जीवन के इस संभावित विनाशकारी नुकसान से बेहद चिंतित हैं.”
मानसून में सफर का बढ़ा जोखिम
हाल के वर्षों में म्यांमार और बांग्लादेश के अत्यधिक भीड़भाड़ वाले शरणार्थी शिविरों से बड़ी संख्या में पलायन करने वाले रोहिंग्या शरणार्थी आमतौर पर मानसून के मौसम में समुद्र पार करने से बचते हैं क्योंकि इस दौरान खराब मौसम के कारण यात्रा बेहद खतरनाक हो जाती है. UNHCR और IOM ने कहा कि क्षेत्र में हाल ही में हुई मूसलाधार बारिश और बाढ़ ने इस तरह के समुद्री सफर के जोखिम को कई गुना और बढ़ा दिया है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
