महाराष्ट्र: MNS नेता की गुंडागर्दी, बुजुर्ग महिला दुकानदार से की मारपीट, धकेला, वीडियो हुआ वायरल

MNS Activist thrashes elderly woman (1)
The Hindi Post

मुंबई | महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) से कथित तौर पर जुड़े कार्यकर्ताओं के एक समूह ने मुंबई में एक बुजुर्ग महिला के साथ बदसलूकी और मारपीट की है. यह सब तब हुआ जब बुजुर्ग महिला ने इन कार्यकर्ताओं को अपनी दुकान के बाहर एक विज्ञापन बैनर लगाने से रोका. किसी ने इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और इसको सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. इसके बाद से वीडियो वायरल हो रहा है.

महिला के विरोध करने और बैनर न लगाने देने से महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के यह कार्यकर्ता भड़क गए और उन्होंने महिला से मारपीट कर डाली.

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि विनोद अर्गिले नाम का शख्स बुजुर्ग महिला को भद्दी-भद्दी गालियां दे रहा है और उनके साथ मारपीट कर रहा है. बुजुर्ग महिला का नाम प्रकाश देवी है.

मारपीट के आरोपी अर्गिले ने दावा किया कि महिला ने अपनी मेडिकल दुकान के बाहर उसके साथ दुर्व्यवहार किया था.

यह घटना बीते रविवार को हुई और इसके वीडियो गुरुवार को सामने आया. इस वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के कार्यकर्ताओं के बीच बहस हो रही है और जब महिला वो बैनर लगाने का विरोध करती है तो अर्गिले उन्हें खींचता है, धक्का देता है और पेट में एक जोरदार मुक्का मारता है. इसके बाद महिला फुटपाथ पर गिर जाती है.

अर्गिले ने अपने बचाव में कहा कि महिला ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया था. उसने कहा कि मारपीट करने के लिए वह शर्मिदा है. हालांकि इस घटना ने एक राजनीतिक विवाद को जन्म दे दिया है.

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के मुख्य प्रवक्ता महेश तापसे ने बुजुर्ग महिला पर इस ‘क्रूर हमले’ के लिए महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की आलोचना की और मांग की कि पार्टी अध्यक्ष राज ठाकरे को महिलाओं के सम्मान पर उनकी पार्टी का रुख स्पष्ट करना चाहिए.

तापसे ने मांग की, “दिन के उजाले में इस तरह की घटना चौंकाने वाली है और हम इसकी निंदा करते हैं. मुंबई पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करनी चाहिए और इसमें शामिल मनसे कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए. इसके साथ ही राज ठाकरे को भी इस मामले में कार्रवाई करनी चाहिए.”

विज्ञापन
विज्ञापन

मनसे दक्षिण मुंबई के कार्यकर्ता केशव मुले और अन्य ने तुरंत अर्गिले से किनारा करते हुए कहा कि कथित वीडियो अधूरा है और पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इस मामले में कार्रवाई करेंगे.

शिवसेना की पूर्व मेयर किशोरी पेडनेकर ने इस घटना के लिए मनसे की आलोचना की और राज ठाकरे से व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया.

नागपाड़ा पुलिस ने मनसे कार्यकर्ताओं के खिलाफ अपराध दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है.

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!