The Hindi Post
एक जनाब का जन्मदिन था। उन्होंने अपना जन्मदिन कुछ अनोखे तरीके से मनाने का सोचा। वो अपने दोस्तों के साथ कारों का एक काफिला बनाकर एक पुल के ऊपर पहुंच गया। यहां पर गाड़ियों को एक के बगल में एक खड़ा कर दिया गया। तेज आवाज में गाने लगाए गए। एक कार के बोनट पर केक रखा गया। कुछ युवकों ने हवाई फायरिंग की। आतिशबाजी भी की गई। इस जश्न का वीडियो भी रिकॉर्ड किया जा रहा था। सब कुछ बड़ा फिल्मी अंदाज में हो रहा था। पर यह वीडियो वायरल हो गया। वीडियो पुलिस के जानकारी में आया तो वो हरकत में आ गई और चार लड़कों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार हुए लोगों में वो युवक भी शामिल है जिसका जन्मदिन था।

अब आपको बताते है कि यह पूरा मामला कहा का है। दरअसल, यह सब हुआ है बिहार की राजधानी पटना में। बताया जा रहा है कि यह घटना 25 अप्रैल की है। सौरभ यादव नाम के लड़के का जन्मदिन था। सौरभ और उसके दोस्त कई गाड़ियों से पटना के एक फ्लाईओवर पहुंचे। यह एरिया रूपासपुर पुलिस थाने के अंतर्गत आता है। रूपासपुर थाने के इंचार्ज, चंद्र भानु ने आईएएनएस को बताया कि “जैसे ही वीडियो हमारे संज्ञान में आया हमने कार्यवाही करते हुए चार लड़कों को पकड़ लिया। पकड़े गए लड़कों में वो भी शामिल है जिसका बर्थडे था। उसका नाम सौरभ यादव है।”

सौरभ यादव के बारे में पता चला कि वह एक व्यापारी है और नसीरगंज का रहने वाला है। वीडियो में देखा जा सकता है कि युवकों ने करीब एक दर्जन चार पहिया वाहनों को पुल की एक सड़क पर खड़ा कर दिया था। जबकि दूसरी तरफ से ट्रैफिक चल रहा था। एक कार के बोनट पर बर्थडे केक रख दिया था। दो बदमाशों ने इस दौरान लगातार फायरिंग की। फायरिंग की वजह से सड़क पर कोई भी राहगीर नहीं था। यह सब आधा घंटे से भी ज्यादा समय तक चलता रहा। पुल इन बदमाशों के कब्जे में रहा।
एसएचओ ने कहा कि, “हमने सभी लोगों की (जो वीडियो में दिख रहे है) पहचान कर ली है। इसमें वो भी दो लोग शामिल हैं जो फायरिंग कर रहे थे। दोनों भागे हुए है। हम उनको पकड़ने की पूरी कोशिश कर रहे है।”
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)
हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे
The Hindi Post