दिल्ली: रेप पीड़िता लड़की ने आरोपी की मां को मारी गोली

gun revolver-g4352028cb_640

सांकेतिक तस्वीर (पिक्साबे)

The Hindi Post

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के घोंडा इलाके में शनिवार की शाम एक महिला को सरेआम गोली मार दी गई. इस 50 वर्षीय महिला को गोली मारने की आरोपी एक 16 साल की नाबालिग लड़की है.

गोली लगने से घायल महिला को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है. महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है. पुलिस ने इस लड़की को पकड़ लिया है.

पुलिस ने घायल महिला की पहचान खुर्शीदा के रूप में की है.

पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि खुर्शीदा को गोली मारने वाली लड़की नाबालिग है.

पुलिस जांच में पता चला है कि इस नाबालिग लड़की का खुर्शीदा के बेटे ने कथित तौर पर रेप किया था. इस कथित घटना के बाद, लड़की ने 2021 में महिला के बेटे के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी. मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, अपने साथ हुई दुराचार की इस घटना से आहत होकर लड़की ने आरोपी लड़के की मां को गोली मार दी.

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, “शनिवार शाम साढ़े पांच बजे भजनपुरा थाने के पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर) को फोन आया कि सुभाष मोहल्ले में एक लड़की ने एक महिला को गोली मार दी है. इसके तुरंत बाद ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई.

पुलिस अधिकारी ने बताया, “पूछताछ करने पर यह पता चला कि खुर्शीदा एक किराने की दुकान चलाती है. शनिवार शाम को एक 16 – 17 साल की लड़की खुर्शीदा की दुकान में आई और उनको गोली मार दी. प्राथमिक जांच में यह भी पता चला कि लड़की ने धारा 328, 376 (दुष्कर्म) और POCSO अधिनियम के तहत खुर्शीदा के बेटे के खिलाफ 2021 में FIR दर्ज कराई थी.”

पुलिस अधिकारी ने कहा, “लड़की को पकड़ लिया गया है और साथ ही वो हथियार जिससे उसने गोली चलाई थी उसे भी बरामद कर लिया गया है”.

उन्होंने कहा कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!