अनियंत्रित होकर पलटा दूध से भरा टैंकर, लूटने के लिए टूट पड़े ग्रामीण, कुछ ही देर में…, Video
यूपी के बागपत में चमरावल-पिलाना मार्ग पर ओगटी मोड़ के पास शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दूध से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे के बाद आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए. जिसे जो बर्तन मिला उसी में दूध भरकर ले गया. कुछ देर में ही लोग हजारों लीटर दूध लूट ले गए. टैंकर में करीब 22 हजार लीटर दूध भरा था.
रोहटा निवासी चालक सैंकी शर्मा मुजफ्फरनगर से खेकड़ा स्थित अमूल प्लांट के लिए दूध से भरा टैंकर लेकर जा रहे थे. जैसे ही वह ओगटी मोड़ के समीप पहुंचा तो टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. हादसे में चालक घायल हो गया. घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों चमरावल, पिलाना आदि अन्य क्षेत्रों से लोग बाल्टियां और डिब्बे लेकर मौके पर पहुंच गए और बिखरे दूध को भर-भरकर ले जाने लगे.
उत्तर प्रदेश जिला बागपत -अनियंत्रित दूध का टैंकर सड़क किनारे पलटा, बाल्टियां और डिब्बे लेकर लोग दूध लूटने पहुंचे, चांदीनगर थाना क्षेत्र के ढिकोली गांव का मामला#Baghpat @baghpatpolice @112UttarPradesh pic.twitter.com/RKgn3l7uZW
— INDIA APRADH CONTROL NEWS.9999886856 (@iac84154) June 6, 2025
किसी ने पुलिस या प्रशासन को सूचना देने की बजाय दूध लूटने को प्राथमिकता दी. पीड़ित चालक ने बताया कि टैंकर में लगभग 22 हजार लीटर दूध था. जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये है. घटना की सूचना केंटर मालिक को दे दी गई है.
वहीं, सहारनपुर में शुक्रवार तड़के कनेग गांव के पास गन्ने के शीरे से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन टैंकर के पलटने से सड़क पर शीरा फैल गया, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया. हालांकि बागपत में दूध की लूट की तरह यहां ऐसा कोई नजारा देखने को नहीं मिला.
हादसे की सूचना पर सुबह करीब 11:00 के आसपास पुलिस पहुंची. क्रेन मंगवाकर टैंकर को हटवाने का प्रयास शुरू किया है. साथ ही सड़क पर फैले शीरे की सफाई के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया है. जब तक सड़क पूरी तरह साफ नहीं हो जाती, तब तक वाहन बगल के रास्ते से गुजर रहे हैं.
